![]()
फाजिल्का जिले के जलालाबाद में एक तलाकशुदा महिला की उसके प्रेमी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर हत्या कर दी। आरोपियों ने महिला का शव कार की डिग्गी में रखकर फिरोजपुर जिले के मक्खू स्थित राजस्थान फीडर में फेंक दिया गया। करीब 10 दिन बाद शव राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में लक्खोवाला हेड से बरामद हुआ। पुलिस ने इस मामले में 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है, जबकि महिला के प्रेमी समेत 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सिटी थाना जलालाबाद के एसएचओ मोहित धवन के अनुसार, पुलिस ने 30 अगस्त को एक महिला किरन के लापता होने के संबंध में मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान सामने आया कि महिला आखिरी बार रमन मिड्ढा, सोनू भठेजा, सागर कंबोज और काकू छाबड़ा, निवासी दशमेश नगर के साथ थी। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए रमन मिड्ढा और सागर कंबोज को गिरफ्तार किया। पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर किरन की हत्या कर शव नहर में फेंकने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने विभिन्न थानों को सूचना देकर नहर के किनारे शव की तलाश शुरू करवाई। राजस्थान में लक्खोवाला हेड से मिला महिला का शव पुलिस के मुताबिक, महिला का शव राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के लक्खोवाला हेड से बरामद हुआ। परिवार ने शव की पहचान किरन के रूप में की है। आरोपियों के बयान के अनुसार महिला का गला घोंटकर हत्या की गई थी, हालांकि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। पुलिस हत्या की धारा भी मामले में जोड़ने की कार्रवाई कर रही है। एक साल से थे प्रेम संबंध, ब्लैकमेल करने का आरोप एसएचओ के अनुसार, मृतका किरन के करीब एक वर्ष से आरोपी रमन मिड्ढा के साथ संबंध थे। पुलिस पूछताछ में रमन ने कथित तौर पर आरोप लगाया कि महिला उसे ब्लैकमेल कर रही थी और उसके पास आपत्तिजनक सामग्री होने के कारण वह परेशान था। इसी वजह से उसने अपने 3 दोस्तों के साथ मिलकर महिला को गुरुग्राम से जलालाबाद बुलाया और उसकी हत्या की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक, 23 अगस्त को हत्या की प्लानिंग की गई और 23-24 अगस्त की रात किरन की हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए कार की डिग्गी में रखा गया और आरोपी उसे मक्खू ले गए। शव को नहर में डुबोने के लिए पैरों से बांधा पाइप आरोपियों ने शव को नहर में फेंकते समय महिला के पैरों के साथ पानी वाली पाइप बांध दी थी, ताकि शव पानी में डूबा रहे और बाहर न आए। हालांकि पुलिस के अनुसार, महिला की जींस पानी के बहाव के साथ निकल गई, जिसके बाद शव पानी की सतह पर आ गया और बहते हुए राजस्थान की ओर पहुंच गया। बाद में हनुमानगढ़ के लक्खोवाला हेड से शव बरामद किया गया। फिलहाल पुलिस ने रमन मिड्ढा और सागर कंबोज को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में नामजद दो अन्य आरोपियों सोनू भठेजा और काकू छाबड़ा की तलाश जारी है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। मृतका मूल रूप से गुरुग्राम की रहने वाली बताई जा रही है। वर्ष 2011 में उसकी शादी जलालाबाद के दशमेश निवासी व्यक्ति से हुई थी और करीब डेढ़ वर्ष पहले उसका तलाक हुआ था। इसके बाद उसके रमन मिड्ढा के साथ संबंध बने, जिसका खौफनाक अंत देखने को मिला।
Source link
फाजिल्का में प्रेमी ने दोस्तों संग की प्रेमिका की हत्या:कार से फिरोजपुर ले गए शव, नहर में फेंका; राजस्थान में मिला, 2 गिरफ्तार
