फाजिल्का में सड़क हादसे में युवक की मौत:दो दिन पहले बर्गर खाने जाते समय हुई थी टक्कर; परिवार ने कार्रवाई की मांग




फाजिल्का के शास्त्री चौक में 9 अगस्त की देर शाम हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक सैम की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर से परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि सैम अपने परिवार का इकलौता बेटा था। जानकारी के अनुसार, गांव आसफवाला के पंचायत सदस्य पप्पू सिंह ने बताया कि 9 अगस्त की शाम सैम बाइक पर सवार होकर शास्त्री चौक स्थित फूड स्ट्रीट में बर्गर खाने के लिए गया था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे कुछ बाइक सवार युवकों ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सैम बाइक समेत सड़क पर गिर गया और डिवाइडर से जा टकराया। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे फाजिल्का के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए श्रीगंगानगर ले गए, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पंचायत सदस्य बोले- सैम परिवार का इकलौता बेटा था पंचायत सदस्य पप्पू सिंह ने बताया कि सैम परिवार का इकलौता बेटा था। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि परिवार के बयानों और जांच के आधार पर हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं, पुलिस अधिकारी भगवान चंद ने बताया कि घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई है। पुलिस मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *