![]()
दुर्ग में एक प्रॉपर्टी डीलर पर लाइसेंसी बंदूक दिखाकर जमीन पर कब्जा करने, जबरन दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। शिकायत मिलने के बाद मोहन नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मालवीय नगर निवासी प्रविंदर सिंह चाने ने शिकायत में बताया है कि डिपरापारा वार्ड-9 निवासी प्रॉपर्टी डीलर लाखन सिंह ने सिकोला बायपास स्थित अंजनी मैरिज पैलेस के परिसर और आसपास की जमीन पर वर्ष 2017-18 से कब्जा कर रखा है। जब उन्हें इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने पटवारी से संपर्क करने की कोशिश की। इसकी भनक लगते ही आरोपी ने उन्हें डराना-धमकाना शुरू कर दिया। शिकायत में कहा गया है कि जमीन को बेचने की कोशिश की गई, लेकिन आरोपी के डर की वजह से कोई खरीदार आगे नहीं आया। ऐसे में मजबूरी में उन्हें वही जमीन लाखन सिंह को बेचने के लिए तैयार होना पड़ा। बंदूक रखकर डराया, दस्तावेजों पर कराए हस्ताक्षर
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने उन्हें अपने कार्यालय में बातचीत के लिए बुलाया। वहां उसने अपनी लाइसेंसी बंदूक सामने रखकर डराया और रजिस्ट्री से जुड़े दस्तावेजों समेत अन्य कागजों पर जबरन हस्ताक्षर करा लिए। शिकायत में यह भी कहा गया है कि सौदा होने के बाद भी जमीन की तय रकम नहीं दी गई। जब पैसे मांगे गए तो कानूनी मामलों में फंसाने की धमकी दी गई। प्रविंदर सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि पहले उनकी पत्नी नम्रता चाने के नाम से हुए एक विक्रय पंजीयन पर भी आरोपी ने आपत्ति लगाकर उसे प्रभावित किया। उनका कहना है कि आरोपी ने उन्हें बाजार कीमत से काफी कम दाम पर जमीन बेचने के लिए मजबूर किया। साथ ही धारा 338 के मामले में जेल भिजवाने की धमकी भी दी। मैसेज भेजकर भी दी धमकी
शिकायतकर्ता के अनुसार मामले में व्हाट्सएप मैसेज भी अहम सबूत है। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी ने व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर धमकी दी थी कि खसरा नंबर 290 की जमीन की रजिस्ट्री फर्जी व्यक्ति के नाम कराई गई है। साथ ही उनकी पत्नी को भी इस मामले में फंसाने की बात लिखी। बाद में आरोपी ने यह मैसेज डिलीट कर दिया, लेकिन उससे पहले शिकायतकर्ता ने उसका स्क्रीनशॉट अपने मोबाइल में सुरक्षित कर लिया था। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी कई बार उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दे चुका है। उनका कहना है कि जब भी वह घर से बाहर निकलते हैं, आरोपी के लोग उन पर नजर रखते हैं और परिवार में लगातार डर का माहौल बनाने की कोशिश करते हैं।
Source link
बंदूक टेबल पर रखकर कराए जमीन के कागजों पर हस्ताक्षर:दुर्ग के प्रॉपर्टी डीलर पर करोड़ों की जमीन हड़पने का आरोप, परिवार को भी डराया-धमकाया
