![]()
बड़ोपल क्षेत्र में अवैध जिप्सम खनन के खिलाफ खान एवं भू-विज्ञान विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की है। इस दौरान अवैध खनन में प्रयुक्त एक जेसीबी, एक डंपर और दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की गईं। कार्रवाई के बाद संबंधितों से नियमानुसार 3 लाख 25 हजार 200 रुपए की पेनल्टी राशि वसूल कर राजकोष में जमा कराई गई। सहायक खनि अभियंता सोहन लाल गुरु ने बताया कि बड़ोपल क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायतों के मद्देनजर 15 अगस्त से दो बॉर्डर होमगार्ड तैनात कर नाका और चेक पोस्ट स्थापित की गई थी। उन्होंने आगे बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सरकारी भूमि पर अवैध रूप से जिप्सम खनन करते हुए जेसीबी, डंपर और दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा। इन वाहनों को पीलीबंगा थाना परिसर में रखवाया गया है। इसके बाद खान विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया और पंचनामा तैयार किया। नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 3,25,200 रुपए की पेनल्टी राशि वसूल की गई। टीम ने बताया कि इससे पहले 16 जुलाई को भी खान और पुलिस विभाग ने बड़ोपल क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई की थी। उस समय अवैध खनन में इस्तेमाल एक जेसीबी और दो डंपर जब्त किए गए थे। उस मामले में 3,83,840 रुपये की पेनल्टी राशि वसूल कर राजकोष में जमा कराई गई थी। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बड़ोपल क्षेत्र में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए नियमित निगरानी और चेकिंग जारी रहेगी।
Source link
बड़ोपल में खान विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई:अवैध जिप्सम खनन करते जेसीबी और डंपर जब्त, 3.25 लाख की पेनल्टी लगाई
