![]()
बर्डोद नगर पालिका के 25 वार्डों में होने वाले निकाय चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन शनिवार को 73 प्रत्याशियों ने कुल 86 नामांकन पत्र दाखिल किए। इसके साथ ही दो दिनों में अब तक 80 प्रत्याशियों ने 93 नामांकन पत्र जमा कराए हैं। सहायक रिटर्निंग अधिकारी अजीत सिंह ने बताया कि शनिवार को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र जमा किए गए। इस दौरान प्रत्याशी रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष पहुंचे और निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने पर्चे दाखिल किए। बर्डोद नगर पालिका के 25 वार्डों के लिए 11 सितंबर को मतदान होगा। नामांकन प्रक्रिया 27 अगस्त को शुरू हुई थी। पहले दिन 7 प्रत्याशियों ने 7 नामांकन पत्र दाखिल किए थे, जबकि दूसरे दिन बड़ी संख्या में पर्चे जमा होने से चुनावी गतिविधियों में तेजी आई है। 31 अगस्त नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि है। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होगी। इन प्रक्रियाओं के बाद ही चुनाव मैदान में रहने वाले प्रत्याशियों की अंतिम तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। पंचायत समिति में भी नामांकन प्रक्रिया जारी बहरोड़ पंचायत समिति के लिए भी नामांकन पत्र दाखिल किए जा रहे हैं। रिटर्निंग अधिकारी नेहा राठी और सहायक रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष प्रत्याशी अपने नामांकन प्रस्तुत कर रहे हैं। सहायक रिटर्निंग अधिकारी ने बताया- रविवार को पंचायत समिति परिसर में हेल्प डेस्क लगाई जाएगी। यहां प्रत्याशी अपने नामांकन पत्रों की जांच करवाने के साथ आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर रसीद प्राप्त कर सकेंगे। पूर्व प्रधान नंदराम ओला की पत्नी ने भरा पर्चा नामांकन के दूसरे दिन बर्डोद के वार्ड नंबर 2 से भी राजनीतिक गतिविधि देखने को मिली। बहरोड़ पंचायत समिति के पूर्व प्रधान नंदराम ओला अपनी पत्नी साहबकौर के साथ रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय पहुंचे। साहबकौर ने वार्ड नंबर 2 से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन केंद्र पर दिनभर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की आवाजाही बनी रही। अंतिम तिथि नजदीक आने के साथ ही 31 अगस्त को नामांकन दाखिल करने वालों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।
Source link
बर्डोद निकाय चुनाव- 80 प्रत्याशियों ने किए 93 नामांकन दाखिल:पंचायत समिति में लगाई गई हेल्प डेस्क, 31 अगस्त को नामांकन का आखिरी दिन
