Headlines

बलरामपुर में बारिश से किसानों को फायदा:धान की रोपाई हुई तेज, फसलों के लिए फायदेमंद बारिश




बलरामपुर में शुक्रवार सुबह 5 बजे से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। इससे उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है। किसानों के लिए यह बारिश महत्वपूर्ण साबित हुई है, क्योंकि खेतों में पर्याप्त पानी भर जाने से धान की रोपाई का काम तेजी से शुरू हो गया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटे में, यानी शुक्रवार सुबह 8 बजे तक, जिले में 71.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अतिरिक्त, शुक्रवार सुबह 8 बजे से 11 बजे के बीच 6.6 मिमी बारिश और हुई। हालांकि, जिले में अब तक मानसून की अनुमानित औसत वर्षा से कम बारिश हुई है, लेकिन हाल की वर्षा ने किसानों को बड़ी राहत प्रदान की है और कृषि गतिविधियां तेज हो गई हैं। किसानों को अच्छी आय मिलने की संभावना ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों के बीच महिलाएं धान की नर्सरी से पौधे निकालकर रोपाई करती दिख रही हैं। किसान और मजदूर कीचड़ से भरे खेतों में धान की रोपाई में लगे हुए हैं, जिससे ग्रामीण अंचलों में कृषि कार्य में तेजी आई है। किसानों का कहना है कि समय पर हुई इस बारिश से डीजल से सिंचाई की आवश्यकता कम होगी, जिससे खेती की लागत में भी कमी आएगी। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, यह बारिश धान के साथ-साथ मक्का, अरहर, उड़द, मूंग, तिल, सोयाबीन और बाजरा जैसी अन्य खरीफ फसलों के लिए भी फायदेमंद है। पर्याप्त नमी मिलने से बीजों का अंकुरण बेहतर होगा और पौधों की शुरुआती बढ़वार मजबूत होगी, जिससे उत्पादन बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि, विशेषज्ञों ने लगातार भारी बारिश की स्थिति में खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी की व्यवस्था बनाए रखने की भी सलाह दी है। मौसम में आए इस बदलाव ने न केवल लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दी है, बल्कि किसानों की उम्मीदों को भी बल मिला है। यदि आने वाले दिनों में मानसून इसी तरह सक्रिय रहता है, तो इस खरीफ सीजन में बेहतर पैदावार और किसानों को अच्छी आय मिलने की संभावना और मजबूत हो गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *