Headlines

बलौदाबाजार में विश्व आदिवासी दिवस मनाया:सर्व आदिवासी समाज ने निकाली रैली, दिखाई एकता, पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे लोग




बलौदाबाजार में सर्व आदिवासी समाज जिला इकाई और समस्त सगा समाज के तत्वावधान में छठा जिला स्तरीय विश्व आदिवासी दिवस भव्यता से मनाया गया। इस अवसर पर पूरा शहर आदिवासी संस्कृति के रंगों में रंगा नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे गोंडवाना भवन में पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद सुबह 11 बजे आदिवासी समाज ऑडिटोरियम से एक विशाल रैली निकाली गई। यह रैली बस स्टैंड, गार्डन चौक और शहीद वीर नारायण चौक से होते हुए अंबेडकर चौक पर समाप्त हुई। जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से हजारों समाजजन रैली में शामिल हुए। रैली में पारंपरिक वेशभूषा में सजे युवक-युवतियां आकर्षण का केंद्र रहे। गुदुम बाजा, अखरा दल, सुवा और कर्मा जैसे पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप पर लोग थिरकते हुए चल रहे थे। रास्ते भर लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। इस दौरान शहीद वीरनारायण सिंह और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण भी किया गया। मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष युवा प्रभाग सुभाष सिंह परते ने आदिवासियों के लिए अलग धर्म कोड की मांग की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ और पूरे भारत में आदिवासी समाज की बड़ी संख्या होने के बावजूद उनके लिए कोई अलग आदिवासी कोड नहीं है। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष भूपेंद्र ध्रुवंशी ने की। विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने गोंडवाना भवन में महिला शौचालय के लिए 1 लाख रुपये, शेड निर्माण और मैदान में फ्लोर टाइल्स लगाने की घोषणा की। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य लोकेश्वरी नेताम और जनपद पंचायत अध्यक्ष सुलोचना यादव सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने आदिवासी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक मूल्यों के संरक्षण के साथ नई पीढ़ी को शिक्षा और जागरूकता से जोड़ने पर जोर दिया। इस अवसर पर पौधा वितरण, रक्तदान शिविर और ‘दाई सम्मान’ जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। रक्तदान शिविर में कुल 37 लोगों ने रक्तदान किया। कार्यक्रम में 16 जनजाति समाज, अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ, अधिकारी-कर्मचारी, मावली महासभा, तुरतूरिया माता लवन महासभा, खल्लारी महाकालेश्वर महासभा, केंद्रीय कंवर समाज और गोंड खपरी चक सहित समस्त सगा समाज के पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन कमलेश ध्रुव, पद्मभूषण पैकरा, नेमीचंद ध्रुव और मनोहर मंडावी ने किया, जबकि राधा ध्रुव ने आभार प्रदर्शन किया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *