![]()
बिलासपुर शहर में नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर या उसे छिपाकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। अब तक 724 वाहन चालकों के चालान काटे गए हैं और 7 लाख 24 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया है। पुलिस के मुताबिक, इन मामलों में आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किए गए हैं। यह कार्रवाई एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे की निगरानी में की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई के साथ सड़क हादसों को रोकने के लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। चालान से बचने के लिए नंबर प्लेट छिपाने के तरीके ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, कई वाहन चालक चालान से बचने के लिए नंबर प्लेट पर कागज, टेप, मैग्नेट, पेंट, कपड़ा या पन्नी लगा देते हैं। कुछ वाहन चालक नंबर प्लेट को मोड़कर भी नंबर छिपाने की कोशिश करते हैं। पुलिस ने अब ऐसे वाहनों की पहचान और जांच के लिए सभी ट्रैफिक पॉइंट्स पर निगरानी बढ़ा दी है। सभी ट्रैफिक पॉइंट्स पर नजर रखने के निर्देश एएसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे ने बताया कि सभी ट्रैफिक पॉइंट्स पर तैनात पुलिसकर्मियों को नंबर प्लेट छिपाकर या उससे छेड़छाड़ कर वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों की जानकारी कंट्रोल रूम के माध्यम से शहर के सभी ट्रैफिक और स्थानीय थानों तक पहुंचाने को कहा गया है। यदि किसी वाहन को तत्काल नहीं रोका जा सके तो उसे अगले चौक या ट्रैफिक पॉइंट पर रोककर गहन जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। संदिग्ध गतिविधियों पर भी पुलिस की नजर ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ केवल चालान से बचने के लिए ही की जाती हो, ऐसा जरूरी नहीं है। ऐसे वाहनों का इस्तेमाल संदिग्ध या अवैधानिक गतिविधियों में होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस के मुताबिक, अलग-अलग स्थानों पर आपराधिक मामलों में ऐसे वाहनों के इस्तेमाल के मामले सामने आते रहे हैं। इसी वजह से नंबर प्लेट को छिपाने या उसमें बदलाव करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। चोरी के वाहन मामले में भी सामने आ चुकी है ऐसी घटना ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, चोरी के वाहन पर टेप लगाकर नंबर छिपाकर चलाने के एक मामले में आरोपी चालक के खिलाफ गंभीर आपराधिक धाराओं के तहत कार्रवाई हुई थी और उसे जेल भी जाना पड़ा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखें और मोटर व्हीकल एक्ट के नियमों का पालन करें। नंबर प्लेट को स्पष्ट और निर्धारित प्रारूप में रखना जरूरी है, ताकि कार्रवाई और जांच के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
Source link
बिलासपुर ट्रैफिक पुलिस का नंबर-प्लेट छिपाकर चलने वालों पर शिकंजा:724 वाहनों के कटे चालान, 7.24 लाख रुपए वसूले, आपराधिक केस भी दर्ज
