![]()
बिलासपुर में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क चलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। ऑनलाइन सट्टे का नेटवर्क बिलासपुर से बिल्हा और नागपुर कनेक्शन मिला है। सिविल लाइन पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मंगला के पटवारी तालाब स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के पास दबिश देकर ऑनलाइन सट्टा खिलाने के आरोप में दीपक इदनानी (28) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मोबाइल और वाट्सएप के जरिए ऑल पैनल कैसीनो गेम पर लोगों को हार-जीत का दांव खिलाता था। पूछताछ में उसने बिल्हा निवासी प्रकाश जसवानी और महाराष्ट्र के नागपुर निवासी धीरू आडवानी के नाम बताए हैं। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है। घेराबंदी कर पुलिस ने सटोरिए को पकड़ा
दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि मंगला आजाद चौक के आगे पटवारी तालाब के पास एक युवक मोबाइल के जरिए ऑनलाइन जुआ-सट्टा खिला रहा है। सूचना पर सिविल लाइन पुलिस और एसीसीयू की टीम मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। जहां चबूतरे पर बैठा युवक मोबाइल चलाते मिला। जांच में उसके मोबाइल पर ऑल पैनल कैसीनो गेम के जरिए ऑनलाइन सट्टा खिलाने की गतिविधि सामने आई। वाट्सएप ग्रुप से खिलाता था सट्टा, कमीशन बांटने का खुलासा
पूछताछ में दीपक ने बताया कि प्रकाश जसवानी उसे सट्टा खिलाने के लिए आईडी उपलब्ध कराता था, जबकि धीरू आडवानी ऑनलाइन सट्टे की साइट उपलब्ध कराता था। तीनों मिलकर ऑनलाइन गेम के जरिए लोगों को हार-जीत का दांव खिलाते थे। सट्टे से मिलने वाली रकम में सभी अपना-अपना कमीशन लेते थे। गेम का हिसाब-किताब जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन और 1000 रुपए नगद जब्त किए हैं। इसके अलावा ऑल पैनल कैसीनो गेम के तीन स्क्रीनशॉट भी मिले। पुलिस ने आरोपी दीपक इदनानी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ अधिनियम की धारा 7(1) और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 112 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। मामले में प्रकाश जसवानी और धीरू आडवानी की तलाश जारी है।
Source link
बिलासपुर में ऑनलाइन सट्टे का नागपुर कनेक्शन:ऑल पैनल कैसीनो गेम से खिला रहा था सट्टा, एक आरोपी गिरफ्तार, दो आरोपियों की तलाश
