भास्कर न्यूज | गढ़वा वाराणसी के प्रतापगढ़ स्थित न्यू एंजल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 15 से 18 अगस्त तक आयोजित सीबीएसई जोनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में गढ़वा के बीएसकेडी पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय के साथ जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय की नौ छात्राओं ने दमखम दिखाया। खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक समेत कुल छह पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय को ओवरऑल जोनल स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विद्यालय की तीन प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर ईस्ट जोन का प्रतिनिधित्व करेंगी। छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन ने इसे खिलाड़ियों की मेहनत, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और लगातार किए जा रहे अभ्यास का परिणाम बताया।इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक संजय सोनी ने खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय में मिशन ओलंपिक के तहत पिछले तीन वर्षों से बॉक्सिंग खेल को विशेष रूप से बढ़ावा दिया जा रहा है। इसका परिणाम है कि विद्यालय के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर पदक जीत रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने अपने माता-पिता के साथ गढ़वा जिले और झारखंड राज्य का गौरव बढ़ाया है। विद्यालय प्रबंधन खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें बेहतर प्रशिक्षण व अवसर उपलब्ध कराने के लिए कृतसंकल्पित है। विद्यालय की प्राचार्य रीना कुमारी ने कहा कि विद्यालय शुरू से ही राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करने के लिए प्रयासरत है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास को विद्यालय की प्राथमिकता में रखा गया है। खेल के क्षेत्र में निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए आगे भी लगातार प्रयास जारी रहेगा। छात्राओं की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी।
Source link
बीएसकेडी स्कूल की छात्राओं ने बॉक्सिंग में लहराया परचम
