Headlines

बीच सड़क पर बुजुर्ग दंपती को डंडों से पीटा, VIDEO:पुलिस चौकी में शिकायत कर लौट रहे थे घर, पुरानी रंजिश में की मारपीट




सागर जिले के बहेरिया थाना क्षेत्र के कर्रापुर में पुरानी रंजिश के चलते बुजुर्ग दंपती के साथ बीच सड़क लाठी-डंडों से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना 15 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे की है। आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद घर लौट रहे बुजुर्ग पति-पत्नी को रास्ते में रोककर उनके साथ मारपीट की गई। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंदिर जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद पुलिस के अनुसार कर्रापुर के वार्ड क्रमांक-10 निवासी महेंद्र जैन ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका परिवार कर्रापुर में किराना दुकान संचालित करता है। उनका धन्य कुमार जैन के परिवार से लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। महेंद्र जैन के अनुसार 15 जुलाई की सुबह उनकी मां प्रेमलता जैन मंदिर जा रही थीं। इसी दौरान धन्य कुमार जैन ने उनसे विवाद किया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन बाद में आपसी सहमति से मामला शांत हो गया। शाम को फिर बिगड़ा माहौल महेंद्र जैन ने बताया कि शाम को जब वह घर पहुंचे तो उनके पिता रमेश कुमार जैन ने बताया कि धन्य कुमार जैन फिर विवाद कर माहौल खराब कर रहा है। इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की शिकायत करने का फैसला किया। महेंद्र जैन के मुताबिक वह अपने माता-पिता के साथ कर्रापुर चौकी पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत पुलिस को दी। शिकायत दर्ज कराने के बाद रात करीब 9:30 बजे तीनों घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में धन्य कुमार जैन अपने परिवार के अन्य लोगों के साथ मिल गया। आरोप है कि उन्होंने आते ही रमेश कुमार जैन और प्रेमलता जैन के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला परिजनों का आरोप है कि जब गाली देने से मना किया गया तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से बुजुर्ग दंपती पर हमला कर दिया। बीच सड़क दोनों के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। आरोपियों ने उनकी बाइक में भी तोड़फोड़ की। मारपीट का यह पूरा घटनाक्रम पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। सामने आए वीडियो में कुछ युवक बुजुर्ग पति-पत्नी के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। राहगीरों ने कराया बीच-बचाव बीच सड़क हो रही मारपीट देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और विवाद शांत कराया। इसके बाद घायल बुजुर्ग दंपती को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मारपीट में घायल रमेश कुमार जैन और उनकी पत्नी प्रेमलता जैन को इलाज के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। दोनों का उपचार जारी है। पुलिस ने दर्ज किया मामला घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *