Headlines

बुरहानपुर में कम वोल्टेज के बीच काटे बिजली कनेक्शन:किसानों ने एचपी के हिसाब से लोड जांचने की मांग की




बुरहानपुर की नेपानगर तहसील के किसानों ने बिजली, खेतों में पालतू पशुओं के घुसने और खराब रास्तों की समस्याओं को लेकर मंगलवार को तहसीलदार जगन वास्कले को ज्ञापन सौंपा। भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में किसानों ने अपनी समस्याएं बताते हुए जल्द समाधान की मांग की। किसानों का कहना है कि बिजली कनेक्शन कटने और कम वोल्टेज की समस्या से खेती प्रभावित हो रही है। वहीं, खराब रास्तों के कारण फसल को खेतों से बाहर निकालकर बाजार तक ले जाने में भी परेशानी हो रही है। कम वोल्टेज के बीच किसानों के बिजली कनेक्शन काटे किसानों ने बताया कि बिजली कंपनी ने कई किसानों के कनेक्शन काट दिए हैं। कंपनी के कर्मचारी चेकिंग के दौरान लोड ज्यादा बताते हैं, जबकि खेतों में वोल्टेज कम आने की समस्या बनी हुई है। किसानों का कहना है कि जब तक वोल्टेज सही नहीं होगा, तब तक यह समस्या दूर नहीं होगी। किसानों ने वोल्टेज और एम्पीयर में सुधार करने के साथ काटे गए कनेक्शन जल्द दोबारा जोड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि किसान हॉर्स पावर (एचपी) के हिसाब से कनेक्शन लेते हैं, इसलिए बिजली का लोड भी एचपी के हिसाब से ही मापा जाना चाहिए। खराब रास्तों से फसल बाजार तक ले जाना मुश्किल किसानों ने बताया कि नेपानगर तहसील के आसपास के गांवों में खेतों तक आने-जाने वाले कई रास्ते खराब हैं। इसके अलावा खेतों में पालतू पशुओं के घुसने की समस्या भी बनी हुई है। किसानों ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना या अन्य योजनाओं के तहत खराब रास्तों को पक्का कराने की मांग की है। किसानों के मुताबिक नावरा से सातपायरी मार्ग की हालत खास तौर पर खराब है। रास्ता खराब होने के कारण वे समय पर अपनी उपज खेतों से बाहर नहीं निकाल पाते। इससे उन्हें बाजार में उपज का सही दाम मिलने में भी परेशानी होती है। हर साल 15 सितंबर को संघ देता है ज्ञापन भारतीय किसान संघ के संभाग सदस्य नरेंद्र जाधव ने बताया कि संघ हर साल 15 सितंबर को प्रदेशभर में जिला और तहसील मुख्यालयों पर किसानों की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपता है। इसी क्रम में इस साल भी नेपानगर में ज्ञापन दिया गया है। इसमें क्षेत्र के किसानों की स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया है। जाधव ने कहा कि नेपानगर क्षेत्र में बिजली की समस्या गंभीर है। कई किसानों के कनेक्शन काट दिए गए हैं, जबकि खेतों में वोल्टेज पर्याप्त नहीं मिल रहा है। उन्होंने मांग की कि काटे गए कनेक्शन दोबारा जोड़े जाएं और एचपी के अनुसार लोड की जांच की जाए। साथ ही खराब सड़कों को जल्द ठीक कराया जाए, ताकि किसानों को फसल लाने-ले जाने में परेशानी न हो।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *