![]()
अशोकनगर जिले के महिदपुर गांव में रात के समय घर के बरामदे में सो रहे पिता महेंद्र सिंह कुशवाह पर उनके बेटे बृजेश और बहू पूजा ने हमला कर दिया। हमलावरों ने चारा काटने वाले बका से महेंद्र सिंह के कान और गर्दन पर वार किया। इस हमले में उनके दोनों कान आधे कट गए और गर्दन पर भी गहरा घाव हो गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे हुई। पुलिस के अनुसार, हमले का कारण जमीन अपने नाम कराने और घर के बंटवारे को लेकर चल रहा विवाद है। बताया गया है कि मंगलवार को बंटवारे को लेकर चर्चा हुई थी। दिन में कोई विवाद नहीं हुआ, जिसके बाद महेंद्र सिंह और उनकी पत्नी घर के बरामदे में सो गए। रात करीब 2 बजे बेटे बृजेश और बहू पूजा ने सोते हुए महेंद्र सिंह पर हमला कर दिया। हमले के बाद महेंद्र सिंह की पत्नी जाग गईं और मदद के लिए चिल्लाने लगीं। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। इसके बाद घायल महेंद्र सिंह को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना ईसागढ़ पुलिस को दी गई। सुबह ईसागढ़ थाने की पुलिस टीम जिला अस्पताल पहुंची और घायल महेंद्र सिंह के बयान दर्ज किए। इन बयानों के आधार पर थाने में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है।
Source link
बेटे-बहू ने पिता पर बका से हमला किया:अशोकनगर में जमीन और घर बंटवारे का मामला; कान, हाथ में चोट
