![]()
बिलासपुर। चकरभाठा में मदद करने के बहाने एक व्यक्ति का मोबाइल चोरी कर उसके और उसकी मां के बैंक खातों से 2.84 लाख रुपए निकालने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, शिकायत के बाद 48 घंटे के भीतर आरोपियों को पकड़ लिया गया। उनके कब्जे से 4 मोबाइल, पावर बैंक, नए कपड़े और 15 हजार रुपए नकद समेत करीब 75 हजार रुपए का सामान जब्त किया गया है। चारों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। बारिश में बेहोश हुए थे सूरज, मदद के बहाने मोबाइल ले गए पुलिस के अनुसार, घटना 8 सितंबर की है। चकरभाठा के इंडियन कॉफी हाउस के पास बारिश के दौरान सूरज सतनामी बेहोश हो गए थे। आरोप है कि चार लड़कों ने मदद करने के बहाने सूरज और उनके दोस्त का मोबाइल चोरी कर लिया। इसके बाद सूरज को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। नए मोबाइल पर मिला बैंक से रकम निकलने का मैसेज पुलिस के मुताबिक, 25 सितंबर को नया मोबाइल लेने के बाद सूरज को बैंक खातों से रुपए निकलने के मैसेज मिले। इसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कथित रूप से चोरी किए गए मोबाइल का स्क्रीन लॉक खोलकर उसमें मौजूद गैलरी से आधार नंबर की फोटो की जानकारी हासिल की। इसके बाद फोन पे और पेटीएम समेत ऑनलाइन भुगतान माध्यमों को आधार से लिंक कर रीसेट किया और सूरज तथा उनकी मां के खातों से 2.84 लाख रुपए निकाल लिए। निकाली रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर करने का आरोप पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया। पुलिस का कहना है कि गौरीशंकर ने सूरज और उनकी मां के खातों से निकाली गई रकम को दूसरे खातों में ट्रांसफर किया। इसके अलावा ऑनलाइन गेमिंग आईडी क्रीकबेट में भी रुपए डाले गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने रकम का इस्तेमाल खाने-पीने, कार से घूमने और शॉपिंग में किया। CCTV और बैंक जानकारी से चारों तक पहुंची पुलिस मामले में अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ गवाहों के बयान और बैंक से मिली जानकारी का भी विश्लेषण किया गया। इन साक्ष्यों के आधार पर चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में मदद के बहाने मोबाइल चोरी करने और बाद में ऑनलाइन रुपए निकालने की पूरी घटना सामने आई। 4 मोबाइल, 15 हजार नकद समेत 75 हजार का सामान जब्त पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 मोबाइल, पावर बैंक, खरीदे गए नए कपड़े और चोरी की रकम में से 15 हजार रुपए नकद बरामद किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 75 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद विवेक वर्मा, करन नायक, गौरीशंकर उर्फ लालू साहू और गगन उर्फ शिबू साहू को गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद चारों को जेल भेज दिया गया। पुलिस की अपील- संदिग्ध गतिविधि की तुरंत दें सूचना चकरभाठा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि या अपराध की जानकारी मिलने पर डायल-112 या नजदीकी थाने में तत्काल सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Source link
बेहोश पड़े व्यक्ति का मोबाइल चुराया,UPI से 2.84 लाख निकाले:चकरभाठा पुलिस ने 48 घंटे में 4 आरोपी पकड़े, 75 हजार का सामान जब्त कर जेल भेजा
