![]()
भास्कर की वीकली सीरीज ब्लैकबोर्ड में कहानी ऐसे मर्द की जो पैसे कमाने बाहर नहीं जाता। घर पर रहकर झाडू-पोछा करता है। बरतन धोता है। खाना बनाता है। वो हाउस हसबैंड है। ठीक वैसे ही जैसे हमारे यहां हाउस वाइफ होती हैं। यूं तो वो अपनी जिंदगी में खुश हैं, लेकिन उसे हाउस हसबैंड बनने की कीमत चुकानी पड़ रही है। ये उसकी जिंदगी का स्याह पहलू बन गया है, इसे जानने के लिए मैं नीरज झा पहुंचा हूं ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर… दोपहर के करीब 2 बजे। एक फ्लैट के किचन में एक 35-36 साल का शख्स बर्तन धो रहा है। कंधे पर एक तौलिया है। सिंक बर्तनों से भरा है। घर में कोई दूसरा नजर नहीं आ रहा। मुझे देखते ही जल्दी-जल्दी हाथ धोने लगे। मैंने पूछा- आप ही अमित दुबे हैं? वो सिर हिलाते हुए बोले- ‘हां मैं ही हूं।’ मैंने धीरे से पूछा- ‘घर पर कोई नहीं है?’ बेटी सो रही है। पत्नी दूसरे कमरे में है, आज बैंक की छुट्टी है न…। मैं बर्तन धोकर आपके लिए चाय-पानी लाता हूं। मेरे मना करने पर हंसते हुए बोले- ‘अरे! संकोच मत करिए। मेरे यहां कोई भी आता है, तो चाय-नाश्ता मैं ही बनाता हूं। जब कोई बाहरी आता है तो पत्नी ये सब करने के लिए मना भी करती है। कहती है- मर्द को झाड़ू-पोंछा, बर्तन, खाना, कपड़े धोने जैसे काम करते हुए कोई देखेगा तो मुझे ताने देगा।’ दरअसल, मैं हाउस हसबैंड या मेल होममेकर हूं। 10 साल पहले एक कंपनी में इंजीनियर था, फिर नौकरी छोड़कर घर संभालने लगा। पत्नी बैंक में नौकरी करती है। कहते-कहते अमित के चेहरे पर मुस्कुराहट थी। वो कुछ पल चुप रहे, फिर वहां से उठकर किचन में बर्तन धोने चले गए। बर्तन धोने के बाद तौलिए से हाथ पोंछते हुए वो बोले- ‘ये टी-शर्ट, पैंट ठीक तो लग रहा है न! क्या करें, दिनभर घर का काम करते-करते कपड़े गंदे हो जाते हैं।’ मेरे हामी भरने पर वो कैमरे के सामने आकर बैठ गए। थोड़ी देर रुककर बोले- ‘2016 की बात है। मैं एक प्राइवेट कंपनी में मैकेनिकल इंजीनियर था। सैलरी 16 हजार थी। शादी को 4 महीने हुए थे। अचानक पत्नी की तबीयत बहुत खराब हो गई। घर का कोई काम नहीं कर पा रही थी। ठीक से सांस नहीं ले पाती थी। लगता था, चार कदम चलेगी, तो चक्कर खाकर गिर जाएगी। उसे नौकरी पर जाने में भी दिक्कत होने लगी। डॉक्टर को दिखाया, तो पता चला फेफड़े में पानी भर गया है। डॉक्टर का कहना था कि प्रोसीजर करके इसे निकालना पड़ेगा, वरना जान को खतरा हो सकता है। फौरन प्रोसीजर हुआ। करीब दो महीने तक वो बिस्तर पर रही। उसका सारा काम… वॉशरूम से लेकर नहाना-धोना, सब कुछ मैं ही करता था। वो सूखकर 25 किलो की रह गई थी। घर के काम की पूरी जिम्मेदारी मां पर आ गई थी। मां की भी उम्र हो गई थी, इतना काम नहीं कर पाती थीं। इसलिए सुबह-शाम का खाना मैं बनाने लगा। धीरे-धीरे पत्नी की तबीयत ठीक होने लगी। वो फिर नौकरी के साथ-साथ घर भी संभालने लगी। उस वक्त हम लोग बिहार के मोतिहारी में रहते थे। सुबह-सुबह पत्नी घर का काम करती, फिर बैंक चली जाती। शाम को देर से लौटती, फिर घर का काम करती। करीब 10-15 दिन ऐसे ही चला। फिर उसकी तबीयत खराब होने लगी। सांस लेने में तकलीफ होने लगी। मुझे लगा कि घर संभालने के लिए किसी एक को अपनी नौकरी छोड़नी पड़ेगी। मैंने पत्नी से कहा- ‘या तो तुम नौकरी छोड़ दो, नहीं तो मैं छोड़ देता हूं। पत्नी बिना कुछ बोले दूसरे कमरे में चली गई। मैं कहीं न कहीं उसकी खामोशी को समझ रहा था।’ अचानक ये बातें कहते-कहते अमित रुक जाते हैं। दोहराकर पूछने पर कहते हैं, ‘हम दोनों की लव मैरिज है। 2011 में एक दोस्त के जरिए हम दोनों पंजाब के जालंधर में मिले थे। तब वो बैंक में जॉब की तैयारी कर रही थी और मैं मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा पूरा करने वाला था। उसने बड़ी मेहनत और संघर्ष के बाद ये नौकरी पाई थी। मैंने उसके पुराने दिनों को याद करते हुए सोचा- ‘अगर मैं नौकरी करता रहा, तो इसे अपने करिअर को छोड़ना पड़ेगा। क्यों न, मैं ही अपनी नौकरी छोड़कर हाउस वाइफ की तरह ‘हाउस हसबैंड’ बन जाऊं।’ मैं उठकर पत्नी के पास गया और बोला- ‘तुम परेशान मत हो। मैं घर देखूंगा, तुम नौकरी करो।’ वो थोड़ी देर तक मेरी तरफ देखती रही, फिर बोली- ‘घरवाले क्या कहेंगे कि शादी होते ही बेटा नौकरी छोड़कर चूल्हा-चौका करने लगा। बीवी का गुलाम बन गया। कितना खराब लगेगा। मैं कैसे जी पाऊंगी। बात-बात पर लोग मुझे ताने देंगे।’ मैंने उसे समझाया कि- हमारा रिश्ता और घर बचाने के लिए हम दोनों में से किसी एक को अपने करिअर की कुर्बानी देनी पड़ेगी। इस तरह हम परिवार नहीं संभाल पाएंगे। तुम्हारी सैलरी भी ठीक-ठाक है। मैं अभी घर संभालता हूं, तुम जॉब देखो।’ पत्नी बोली- ‘जैसा ठीक लगे करिए।’ मैं कमरे से उठकर आंगन में चला गया। बस ये सोच रहा था कि घरवालों को कैसे बताऊंगा। अगले दिन की बात है। रात के करीब 10 बज रहे थे। मैंने मां-पापा को बुलाकर ये बातें बताई। उन्होंने सिर्फ इतना कहा- ‘तुम लोग समझदार हो। जो ठीक लगता है, करो।’ ‘अगली सुबह ऑफिस जाकर मैंने रिजाइन कर दिया। उसी दिन से मैं इंजीनियर से हाउस हसबैंड बन गया।’ अमित अभी बात कर ही रहे थे, तभी उनकी पत्नी प्रीति लता पांडे पास आकर बैठ गईं। अमित बोले- ‘औरों का तो छोड़िए, प्रीति के घरवालों ने ही सबसे पहले विरोध करना शुरू किया था। कहने लगे- शादी से पहले तो लड़का इंजीनियर था। अच्छी-खासी नौकरी थी। अब घर के काम करेगा।’ एक दिन प्रीति की मां का फोन आया। वो कहने लगीं- ‘तुम दामाद से औरतों वाला काम करवाओगी, चूल्हा-चौका करवाओगी। तुम्हें अच्छा लगेगा।’ ये सब सुनते ही प्रीति परेशान हो गईं। मेरे पास आकर बोली- ‘पहले ही आपसे कहा था। लोग ताने देंगे।’ मैंने सिर्फ एक ही बात कही- ‘जो लोग ये बातें कह रहे हैं, क्या वो मेरे घर का काम कर देंगे। नहीं न, फिर क्यों उनकी बातों पर ध्यान देना।’ अमित आगे बताते हैं- ‘मुझे हाउस हसबैंड बने हुए 10 साल हो गए, फिर भी लोगों के ताने बंद नहीं हुए। शुरुआत में जब पूरा दिन घर पर रहना शुरू किया तो मन नहीं लगता था। काम से फुरसत होता तो सोचता दोस्तों से ही बात कर लेता हूं। वो भी ताने ही देते। एकबार की बात है। दोस्तों से कॉन्फ्रेंस कॉल पर बात हो रही थी। सब अपने-अपने काम के बारे में बता रहे थे। बातों ही बातों में कहने लगे- अमित के ही मजे हैं। बीवी की साड़ी-पेटीकोट धोता है और आराम से घर पर रहता है। दूसरा दोस्त बोला अरे काहे के मजे, ये भी भला कोई जिंदगी है। लाज-शर्म सब घोलकर पी गया। मर्दों की नाक कटवा दी। अब ये मर्द नहीं रहा। कौन ही बात करेगा इससे।’ मैं सुबह उठकर झाडू-पोंछा करता। खाना बनाता। सभी के कपड़े धोकर छत पर सुखाने जाता, तो मोहल्ले वाले ऐसे देखते जैसे कोई अपराध कर दिया हो। एक दिन खाना बना रहा था, तभी एक दोस्त का फोन आया। ताना मारते हुए बोला- गलत समय पर तो फोन नहीं कर दिया। मैंने बोला- ‘नहीं- नहीं, बस खाना ही बना रहा था।’ वो बोला- ‘हां, शाम हो गई है। बीवी के आने का भी समय हो गया है। तुम्हारा सही है, बीवी की कमाई खाओ। घर में पड़े रहो। ऐश की जिंदगी है तुम्हारी। किसी बात की चिंता ही नहीं है।’ ये बातें मुझे इतना चुभ गई कि फिर मैंने फोन लगाना ही बंद कर दिया। अमित कुछ देर के लिए एकदम खामोश हो गए। कुछ देर बाद मैंने पूछा- आप क्या बनना चाहते थे? ये सवाल सुनते ही उनकी आंखें भर आईं। रूंधे गले से कहते हैं, ‘मैं गरीब परिवार से हूं। पापा पुजारी थे। वह गांव में पूजा-पाठ कराते थे। गांव के लोगों से जो अनाज में मिल जाता, उसी से चूल्हा जलता। फूस का छप्पर वाला घर था। सर्दी हो या गर्मी हर मौसम में दादी बाहर ही सोती थी। मैं उन्हें पक्का मकान तक नहीं दे सका। पहले तो डॉक्टर बनना चाहता था, लेकिन बाद में पता चला कि बहुत पैसा लगेगा। इतनी जमीन भी नहीं थी कि मां-बाप बेचकर पढ़ा दें। ऊपर से मैं घर का बड़ा बेटा था। दो भाई और हैं। सारा पैसा मेरी पढ़ाई में लग जाता तो बाकि दो भाइयों का क्या होता। पापा ने जमीन बेचकर मैकेनिकल इंजीनियरिंग में एडमिशन करवा दिया। पास होने के करीब 3 साल तक एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी की, फिर जो हुआ आपके सामने है…। मां-बाप के बहुत अरमान थे कि मैं पढ़-लिखकर नौकरी करूंगा। मैंने उनसे वादा किया था कि अपनी कमाई से सबसे पहले घर बनाऊंगा, लेकिन नहीं बना पाया। आज भी इस बात का मलाल है कि मैं अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा पाया।’ अमित उदास होकर कहते हैं, ‘मेरे हाउस हसबैंड होने की वजह से भाइयों की शादी नहीं हो रही। उनकी उम्र 30-32 साल हो चुकी है। जब रिश्ता आता है, तो सबसे पहले पूछते हैं- लड़के का भाई क्या करता है? जैसे ही पता चलता है कि हाउस हसबैंड हूं। वो मना कर देते हैं। मां भी कई बार फट पड़ती हैं। कहती हैं- किसी से भी कर्ज मांगने के लिए जाती हूं, तो वे भी कह देते हैं। तुम्हारा बेटा तो बीवी की कमाई खाता है। पढ़ा-लिखाकर निकम्मे की तरह घर बैठा रखा है। उससे चूल्हा-चौका करवाती हो। बीवी का साड़ी-पेटीकोट धोता है। तुम्हें कर्ज भी दूं, तो कहां चुकाओगी। ये सब सुनते-सुनते 10 साल बीत चुके हैं। अब तो मैं कहीं जाता भी नहीं हूं। पहले रिश्तेदारी में, फंक्शन में जाता भी था, लेकिन अब नहीं। एक बार एक दोस्त की शादी में गया था। वहां एक शख्स ने पूछा- आप क्या करते हैं? मैंने कहा- घर का काम करता हूं। घर पर रहता हूं। सुनते ही वह आदमी अच्छा-अच्छा कहते हुए मुंह बनाकर चला गया। मैंने कई बार देखा है- जैसे ही अपने बारे में बताता हूं, लोगों का नजरिया ही बदल जाता है।’ भुवनेश्वर में कब से हैं? ‘दो साल से। इससे पहले कोलकाता में थे। शहर में तो उतनी दिक्कत नहीं होती है, लेकिन गांव में लोगों ने जीना दूभर कर दिया था। पत्नी का जैसे-जैसे ट्रांसफर हुआ। हम शहर बदलते गए। तभी अमित की बेटी दित्या आ जाती है। वो इशारों में कहते हैं, ‘इससे कुछ नहीं पूछिएगा। 2019 में इसका जन्म हुआ था। तबसे आजतक इसका डायपर बदलने से लेकर हर काम मैंने ही किया है। इसको भी स्कूल में बच्चे परेशान करते हैं। पूछते हैं कि- तुम्हारे पापा क्या करते हैं? जब बताती है कि घर के काम करते हैं, तो कहते हैं- नौकरी के लिए नहीं जाते क्या? फिर ये घर आकर हमसे पूछने लगती है। हम कोई जवाब ही नहीं दे पाते। लोग कुछ भी कहें लेकिन मैं जब सोचता हूं, तो लगता है कि उस दिन ये डिसीजन नहीं लिया होता, तो परिवार खत्म हो चुका होता। पत्नी के लिए बीमारी के साथ-साथ जॉब और घर, दोनों संभालना मुश्किल था। आज भी वह बीमार रहती है। दवाई चलती ही रहती है।
अमित की पत्नी प्रीति कहती हैं, ‘जैसा इन्होंने कहा, वैसा ही हमने किया। शुरुआत में घरवालों को समझाना आसान नहीं था, लेकिन धीरे-धीरे सब हो गया। मैंने हमेशा जॉब पर ही फोकस किया। इससे आगे कुछ नहीं बोल पाऊंगी। लोग क्या कहते हैं, ये बात इन्होंने कभी मुझतक पहुंचने ही नहीं दी।’ ———————————– ब्लैकबोर्ड की ये कहानियां भी पढ़ें… 1- ब्लैकबोर्ड-दूसरे के बच्चे धोखे से मेरी कोख में डाल दिए:शक्ल-सूरत नहीं मिली तो DNA करवाया, आखिर कहां गए मेरे बच्चे आज ब्लैकबोर्ड में कहानी ऐसे पति-पत्नी की जिनकी दो बेटियां हैं। इन्होंने एकबार फिर मां-बाप बनने का फैसला किया, लेकिन उम्र आड़े आ गई। डॉक्टर ने सलाह दी- ‘IVF आजमाइए।’ पूरी स्टोरी यहां पढ़ें 2- ब्लैकबोर्ड- तानों से परेशान होकर ब्रेस्ट इम्प्लांट करवाया:ऑडिशन वाले कहते थे- तुम्हारा फिगर ठीक नहीं, अब आधी कमाई सर्जरी की EMI में जा रही एकबार मैं ऑडिशन के लिए गई थी। वहां मुझे ट्रायल के लिए एक बिकिनी दी गई। 10-15 मर्दों के सामने जैसे ही बिकिनी पहनकर बाहर आई, तो सब हंसने लगे। कहने लगे- ‘अरे मैडम, ये सब आपके लिए नहीं है। आप तो एकदम फ्लैट हैं।’ पूरी स्टोरी यहां पढ़ें
Source link
ब्लैकबोर्ड-पत्नी की साड़ी-पेटीकोट धोता हूं, झाडू-पोछा करता हूं:दोस्त कहते हैं- ये मर्द नहीं, हाउस हसबैंड बनने से भाइयों की शादी नहीं हो रही
