![]()
चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र में कोडला-उरई संपर्क मार्ग पर हुए भारी भूस्खलन से सड़क का करीब 50 मीटर हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। सड़क बह जाने से उरई और घटोर गांवों का संपर्क टूट गया है। ग्रामीणों को अब आवाजाही के लिए नाले को रस्सी और सीढ़ियों की मदद से पार करना पड़ रहा है। भूस्खलन के कारण क्षेत्र में आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। स्थानीय लोगों को रोजमर्रा के कामों और जरूरी सेवाओं के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क बंद होने के चलते उन्हें करीब 15 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी वाहन से तय करनी पड़ रही है। घटना के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ग्रामीण रस्सी और सीढ़ियों के सहारे नाले को पार करते दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क बंद होने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि राशन और अन्य जरूरी सामान भी जोखिम उठाकर नाले के रास्ते दूसरी ओर पहुंचाया जा रहा है। वहीं प्रशासन ने प्रभावित मार्ग को बहाल करने के लिए मशीनरी भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क बहाली का कार्य युद्धस्तर पर किया जाए, ताकि दोनों गांवों का संपर्क जल्द से जल्द बहाल हो सके।
Source link
भरमौर में भूस्खलन से 50 मीटर सड़क बह गई:उरई-घटोर गांवों का संपर्क टूटा; रस्सी और सीढ़ियों के सहारे आवाजाही
