![]()
गोपालगंज में भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ पर रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने तिरंगा मार्च निकाला। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ओम प्रकाश गर्ग के नेतृत्व में यह मार्च जिला कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शहीद स्मारक पहुंचा। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को नमन किया। उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश गर्ग ने भारत छोड़ो आंदोलन के महत्व पर प्रकाश डाला। प्राणों की परवाह किए बिना स्वतंत्रता संग्राम में लिया हिस्सा उन्होंने बताया कि 9 अगस्त 1942 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ इस आंदोलन का आह्वान किया था और देशवासियों को ‘करो या मरो’ का मंत्र दिया था। गर्ग ने कहा कि यह आंदोलन केवल अंग्रेजी शासन के खिलाफ नहीं था, बल्कि देश की आजादी, स्वाभिमान और लोकतांत्रिक चेतना का एक ऐतिहासिक जनआंदोलन था। लाखों लोगों ने अपने प्राणों की परवाह किए बिना स्वतंत्रता संग्राम में हिस्सा लिया था। ‘रक्षा के लिए अपनी आवाज मजबूती से उठाएंगे’ उन्होंने वर्तमान पीढ़ी से संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, समानता और भाईचारे की रक्षा करने का आह्वान किया। गर्ग ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक संस्थाओं, संविधान और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए अपनी आवाज मजबूती से उठाते रहेंगे। तिरंगा मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘भारत माता की जय’, ‘महात्मा गांधी अमर रहें’, ‘शहीदों की शहादत अमर रहे’ और ‘भारत छोड़ो आंदोलन अमर रहे’ जैसे देशभक्ति के नारे लगाए। इन नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
Source link
भारत छोड़ो आंदोलन की एनिवर्सरी पर कांग्रेस का तिरंगा मार्च:गोपालगंज में शहीदों को नमन, 'करो या मरो' का मंत्र याद दिलाया
