![]()
भिवानी जिले के झुंपा कलां गांव में एक परिवार ने बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाते हुए एक अनूठी पहल की है। परिवार ने अपनी बेटियों के जन्म पर पौधारोपण समारोह आयोजित किया, जिसमें पीजीटी मैथ प्रवक्ता रचना नेहरा, अधिवक्ता करण सिंह नेहरा, ज्योति नेहरा और प्रवीण नेहरा शामिल रहे। इस अवसर पर 101 फलदार और छायादार पौधे लगाए गए। हाल ही में जन्मी बच्ची की छठी के मौके पर गांव में ‘लाडो बिटिया जन्मोत्सव’ के साथ पौधारोपण और पौधा वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना था। पौधारोपण का उद्देश्य बेटियों के जन्म को प्रत्सोहित करना बेटी के दादा-दादी, रिटायर जिला शिक्षा अधीक्षक दर्शनानंद नेहरा और संतोष नेहरा ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बेटियों के जन्म को प्रोत्साहित करना है। समारोह में उपस्थित सभी लोगों को सैकड़ों पौधे भी वितरित किए गए। परिवार ने अपनी पर्यावरण संरक्षण की प्रतिबद्धता को और मजबूत करते हुए अपने दोहते विवान बरालु का जन्मदिन भी आम का पौधा लगाकर मनाया। खंड शिक्षा अधिकारी विजयप्रभा ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि नेहरा परिवार शुरू से ही पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में सक्रिय रहा है और बेटी के जन्मोत्सव को इस तरह मनाने के लिए उन्होंने पूरे परिवार का आभार व्यक्त किया। बेटी का जन्म होते ही शुरू की पौधारोपण की तैयारी ईश्वर सिंह श्योराण ने बताया कि बेटी के जन्म की खबर मिलते ही उन्होंने परिवार के साथ मिलकर पौधारोपण कार्यक्रम की तैयारी शुरू कर दी थी। बच्ची के हाथों से प्रतीकात्मक रूप से एक पौधा समर्पित कर उसे रोपित किया गया। उपस्थित लोगों ने भविष्य में भी बेटियों के जन्म पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। ग्रामीणों का मानना है कि यह पहल समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण तैयार करने में सहायक होगी। इस समारोह में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण, परिवारजन, रिश्तेदार और महिलाएं उपस्थित रहीं।
Source link
भिवानी में बेटी के जन्म पर लगाए 101 पौधे:लाडो बिटिया जन्मोत्सव मनाया, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने का लिया संकल्प
