![]()
नूंह के नूंह ब्लॉक में आयोजित ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में बुधवार को कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि “हरियाणा में वोट चोरी नहीं, बल्कि सरकार चोरी हुई है।” हुड्डा ने कहा कि राहुल गांधी ने हरियाणा में कथित वोट चोरी का मुद्दा देश के सामने रखा है और कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर पूरे देश में आंदोलन चला रही है। उन्होंने कहा कि संविधान ने जनता को मतदान का अधिकार दिया है और इस अधिकार को किसी भी कीमत पर छीने नहीं दिया जाएगा। पूर्व सीएम ने सरकार के दो साल के कार्यकाल पर सवाल खड़े किए पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार के करीब दो साल के कार्यकाल पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि सरकार ने जनता से किए वादों में से कितने पूरे किए और ऐसे कौन से बड़े फैसले लिए, जिनका सीधा लाभ आम आदमी को मिला, इसका हिसाब जनता के सामने होना चाहिए। उन्होंने अपराध और रंगदारी की घटनाओं का मुद्दा उठाते हुए सरकार पर सवाल खड़े किए। रोजगार के मुद्दे पर कौशल रोजगार निगम का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को स्थायी नौकरी के बजाय अस्थायी रोजगार दिया जा रहा है। शिक्षा व्यवस्था पर उन्होंने सरकारी स्कूलों में शिक्षकों और अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी का मुद्दा उठाया। हम हारे नहीं- चुनाव आयोग ने हराया : राज बब्बर वहीं पूर्व सांसद एवं अभिनेता राज बब्बर ने चुनाव आयोग पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि, हम हारे नहीं हैं, बल्कि चुनाव आयोग ने हमें हराया है। बब्बर ने कहा कि मेवात की जनता ने उन्हें नूंह से जीताकर भेजा था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर उन्हें पहले पता होता कि “लाइट जाएगी, लेकिन एसी चलता रहेगा”, तो वे अपनी ओर से और तैयारियों के साथ मैदान में उतरते। सम्मेलन में नूंह विधायक आफताब अहमद, फिरोजपुर झिरका विधायक मामन खान इंजीनियर और जिला कांग्रेस अध्यक्ष शहीदा खान समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। हुड्डा ने इनेलो पर भी निशाना साधते हुए उसे भाजपा की ‘बी टीम’ बताया और आरोप लगाया कि उसका काम वोट काटना है।
Source link
भूपेंद्र हुड्डा बोले- हरियाणा में वोट नहीं, सरकार चोरी हुई:नूंह में राज बब्बर ने कहा- चुनाव आयोग ने हराया, भाजपा-इनेलो को घेरा
