![]()
आयकर विभाग ने भोपाल में 167वें आयकर दिवस पर खेलों में उपलब्धि हासिल करने वाले पदक विजेता खिलाड़ियों शिखा चौहान (कयाकिंग स्लालम) और शिवराज शाण्डिल्य (शूटिंग) को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा विभाग एवं देश का गौरव बढ़ाने के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त (मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़) मोना मोहंती, आयकर महानिदेशक (अन्वेषण) विजय कुमार पंडा सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त मोना मोहंती ने कहा कि कर देना केवल कानूनी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में हर नागरिक का योगदान है। उन्होंने कहा कि जागरूक और ईमानदार करदाता ही मजबूत अर्थव्यवस्था और विकसित भारत की नींव रखते हैं। इस अवसर पर आयकर आयुक्त (प्रशासन) राम कुमार यादव ने विभाग की पिछले वर्ष की प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने विभाग की विभिन्न पहल और करदाताओं के हित में किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में विभाग की पदक विजेता खिलाड़ियों शिखा चौहान (कयाकिंग स्लालम) और शिवराज शाण्डिल्य (शूटिंग) को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विभाग एवं देश का गौरव बढ़ाने के लिए सम्मानित किया गया। आयकर दिवस के उपलक्ष्य में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय-01, भोपाल में आयोजित पोस्टर निर्माण एवं भाषण (एलोक्यूशन) प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही विद्यालय को इन प्रतियोगिताओं और वृक्षारोपण कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग के लिए स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। इस दौरान वक्ताओं ने राष्ट्र निर्माण में आयकर विभाग की भूमिका, ईमानदार कर अनुपालन और जन-जागरूकता के महत्व पर जोर देते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 167वें आयकर दिवस की शुभकामनाएं दीं।
Source link
भोपाल में 167वां आयकर दिवस मनाया:अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं का हुआ सम्मान; मोना मोहंती बोलीं- कर देना राष्ट्र निर्माण में योगदान
