![]()
मंडी शहर के ऑटो रिक्शा ऑपरेटरों ने अस्पताल गेट के पास पुरानी ऑटो पार्किंग व्यवस्था बहाल करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने शुक्रवार को एसडीएम मंडी को एक ज्ञापन सौंपा। ऑटो रिक्शा ऑपरेटर यूनियन के अनुसार, पहले अस्पताल गेट पर दो ऑटो रिक्शा खड़े करने के लिए निर्धारित स्थान था, लेकिन अब पुलिस द्वारा वहां ऑटो खड़े करने की अनुमति नहीं दी जा रही है। इससे ऑटो चालकों की आजीविका प्रभावित हो रही है। यूनियन ने बताया कि इस बदलाव से अस्पताल आने वाले मरीजों, बुजुर्गों, महिलाओं और ऑपरेशन के बाद घर लौटने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही है। अस्पताल से दूर जाकर ऑटो लेना उनके लिए बेहद मुश्किल हो जाता है। यूनियन के महासचिव एच.एस. कौंडल ने कहा कि यह मांग किसी निजी हित के लिए नहीं, बल्कि जनहित और मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखकर उठाई गई है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले का शीघ्र समाधान करने का आग्रह किया। कौंडल ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो यूनियन आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होगी। उन्होंने बताया कि मंडी शहर के करीब 400 ऑटो रिक्शा एक साथ बंद कर दिए जाएंगे और सभी चालक हड़ताल पर चले जाएंगे। हड़ताल से शहर की परिवहन व्यवस्था हो सकती है प्रभावित इस हड़ताल से शहर की परिवहन व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। यूनियन ने एसडीएम से मांग की है कि अस्पताल गेट के पास पहले की तरह दो ऑटो रिक्शा खड़े करने की व्यवस्था तुरंत बहाल की जाए और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं। यूनियन का कहना है कि समय पर समाधान न होने पर चालक एकजुट होकर आंदोलन करेंगे।
Source link
मंडी में ऑटो ड्राइवर सड़कों पर उतरेंगे:पुरानी पार्किंग बहाल नहीं होने पर दिया अल्टीमेटम; कहा-मांगें नहीं मानीं तो 400 ऑटो होंगे बंद
