![]()
मंडी पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पधर थाना पुलिस ने बल्ह-डायना पार्क मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप वाहन से 83 पेटियां अवैध शराब बरामद कीं। पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर वाहन को भी कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार (आईपीएस) ने बताया कि 19 जुलाई को पधर थाना पुलिस को अवैध शराब तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने बल्ह-डायना पार्क मार्ग पर नाकाबंदी की और पिकअप वाहन नंबर HP76-5054 को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से कुल 83 पेटियां अवैध शराब मिलीं, जिनमें 65 पेटियां बीयर, 5 पेटियां ऊना नंबर-1 देशी शराब और 13 पेटियां रॉयल स्टैग अंग्रेजी शराब शामिल हैं। आरोपी जोगिंद्रनगर का रहने वाला एसपी विनोद कुमार के अनुसार, प्रारंभिक जांच के आधार पर वाहन चालक दीपक उर्फ दीपू निवासी जोगिंद्रनगर, जिला मंडी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह मामला अभियोग संख्या 98/2026 के तहत हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1) (a) के अंतर्गत दर्ज किया गया है। आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। तस्करी कनेक्शन की जांच में जुटी पुलिस पुलिस ने बरामद अवैध शराब और पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है, जिसमें यह पता लगाया जा रहा है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि मंडी पुलिस का अवैध शराब, नशीले पदार्थों और अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जिले में अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा।
Source link
मंडी में शराब की बड़ी खेप पकड़ी:पिकअप से 83 पेटियां की जब्त; नाकाबंदी में पुलिस ने चालक को किया अरेस्ट
