Headlines

मंडी में 10 नशा तस्कर अरेस्ट:पुलिस का नशे के नेटवर्क पर प्रहार; चरस, अफीम और अवैध शराब बरामद




मंडी पुलिस ने नशे और अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पांच अलग-अलग मामलों में चरस, अफीम डोडा और अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद की। इन अभियानों में कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और विभिन्न मामलों में जांच शुरू कर दी गई है। करसोग में देहर मोड़, पझेतरी के पास एक कार से 1.875 किलोग्राम चरस जब्त की गई। इस मामले में पुनीत कुमार (जिला शिमला), पदम सिंह (बगशाड़, जिला मंडी) और नरेश कुमार (करसोग, जिला मंडी) को गिरफ्तार किया गया। न्यायालय ने तीनों आरोपियों को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।सुंदरनगर के भतेरहड़ फोरलेन पर एक टाटा कैंटर से 310 पेटियां अवैध शराब बरामद की गईं। पुलिस ने वाहन चालक अनिल ठाकुर (कोटली, जिला मंडी) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। धनोटू में हरियाणा रोडवेज की एक बस से 123 ग्राम चरस जब्त की गई। इस मामले में विशाल सागर (ओले, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया है।बल्ह में डडौर फोरलेन पर एक टैक्सी से 2.399 किलोग्राम चरस बरामद की गई। इस संबंध में बंटी, गोविन्द राम और आशीष (तीनों निवासी नाभा, जिला पटियाला, पंजाब) को गिरफ्तार किया गया है। औट के बालीचौकी में पुलिस ने एक मोटरसाइकिल से 3.953 किलोग्राम अफीम डोडा बरामद किया। इस मामले में विशाल सिंह और गुरुबक्श सिंह (दोनों निवासी लुधियाना, पंजाब) को गिरफ्तार किया गया है। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस नशे के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क तक पहुंचकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *