Headlines

मधेपुरा में भाजपा की सेवा संकल्प कार्यशाला:प्रदेश उपाध्यक्ष बोले-पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं कार्यकर्ता, योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने की अपील




मधेपुरा में भाजपा कार्यालय में शनिवार को ‘सेवा संकल्प कार्यशाला’ हुई। इसमें संगठन को मजबूत करने, सेवा कामों को बढ़ाने और केंद्र व राज्य सरकार की लोगों के लिए बनी योजनाओं का फायदा समाज के हर व्यक्ति तक पहुंचाने पर बात हुई। कार्यकर्ताओं ने सेवा गतिविधियों को बूथ स्तर तक ले जाने का संकल्प लिया। इसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष दीपक कुमार ने की। कार्यशाला में प्रदेश महामंत्री राजेश झा, प्रदेश उपाध्यक्ष और विधान परिषद सदस्य अनिल ठाकुर, प्रदेश मंत्री दिवाकर सिंह और पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य स्वदेश कुमार मुख्य रूप से शामिल हुए। प्रदेश महामंत्री राजेश झा ने कहा कि भाजपा का संगठन सिर्फ राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है। सेवा, समर्पण और समाज के हर व्यक्ति तक पहुंचना पार्टी की कार्यसंस्कृति का हिस्सा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा कामों को अभियान के रूप में आगे बढ़ाने की अपील की। पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं कार्यकर्ता प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल ठाकुर ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं। सेवा कामों के जरिए समाज के हर वर्ग से सीधा संवाद बनाकर संगठन को मजबूत किया जा सकता है। प्रदेश मंत्री दिवाकर सिंह ने कार्यकर्ताओं से सरकार की लोगों के लिए बनी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने और सही लाभार्थियों को योजनाओं का फायदा दिलाने में सक्रिय रहने को कहा। जिलाध्यक्ष दीपक कुमार ने कहा कि मधेपुरा भाजपा का हर कार्यकर्ता सेवा भावना के साथ समाज के बीच काम करने के लिए तैयार है। कार्यशाला में लिए गए संकल्पों को बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा। नमो ऐप से जुड़कर सक्रिय रहने का दिया निर्देश नमो ऐप जिला संयोजक सुभाष चौहान ने डिजिटल माध्यम से संगठन की गतिविधियों और सेवा कामों को लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नमो ऐप से जुड़कर डिजिटल रूप से सक्रिय रहने को कहा। कार्यक्रम में महामंत्री विनोद सरदार, विवेकानंद सिंह, अरुण मंडल, पूर्व जिलाध्यक्ष महादेव चौधरी, अरविंद अकेला सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष, प्रकोष्ठ संयोजक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् से हुई और राष्ट्रगान के साथ खत्म हुआ।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *