![]()
मनाली के मनालसु नाले में शुक्रवार देर रात एक कार अनियंत्रित होकर गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत तीन अन्य लोग घायल हो गए। मनाली थाना प्रभारी मनीष राज शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना शनिवार सुबह 112 कंट्रोल रूम से मिली। सूचना मिलते ही सहायक उप निरीक्षक तुलसी राम पुलिस टीम के साथ ओल्ड मनाली स्थित क्लब हाउस के पास दुर्घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 281 और 125(ए) के तहत एफआईआर नंबर 112/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। करीब 20 फुट नीचे मनालसु नाले में गिरी कार प्रारंभिक जांच के अनुसार, काले रंग की जिम्नी (पंजीकरण संख्या HP26A-0011) वशिष्ठ से मनाली की ओर आ रही थी। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर करीब 20 फुट नीचे मनालसु नाले में जा गिरा। हादसे के समय कार में कुल पांच लोग सवार थे। घायलों का इलाज जारी दुर्घटना में वाहन ड्राइवर रोहित कुमार (32 वर्ष), निवासी जिला मंडी, और करूण बौद्ध (35 वर्ष), निवासी बजौरा, जिला कुल्लू, गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कार में सवार अन्य तीन व्यक्ति विवेक (30 वर्ष), नरेश कुमार (28 वर्ष) और उर्मिला (22 वर्ष) घायल हुए हैं। उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया है और इलाज जारी है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही थाना प्रभारी ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मनाली शवगृह में रखा गया है। परिजनों की मौजूदगी में नियमानुसार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक द्वारा लापरवाही से वाहन चलाना और नियंत्रण खो देना सामने आया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। डीएसपी मनाली केडी शर्मा की अपील डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे पर्वतीय और घुमावदार सड़कों पर निर्धारित गति सीमा का पालन करें, सावधानी से वाहन चलाएं और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।
Source link
मनाली के मनालसु नाले में गिरी अनियंत्रित कार:2 की मौत, महिला समेत 3 घायल; DSP की अपील- पर्वतीय रास्तों पर संभलकर चलें
