Headlines

मलिहाबाद में रेलवे ट्रैक पर मिला युवती का क्षत-विक्षत शव:स्टेशन मास्टर की सूचना पर पहुंची पुलिस, पोस्टमार्टम के लिए भेजा KGMU




लखनऊ के मलिहाबाद थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक 23 वर्षीय युवती का क्षत-विक्षत शव रेलवे ट्रैक पर मिला। ईसापुर क्रॉसिंग के निकट हुई इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्टेशन मास्टर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। स्टेशन मास्टर ने दी पुलिस को सूचना जानकारी के अनुसार, बुधवार रात मलिहाबाद स्टेशन मास्टर ने स्थानीय पुलिस को रेलवे किलोमीटर संख्या 1101/4 पर एक युवती का शव पड़े होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही मलिहाबाद पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर निरीक्षण किया तो युवती का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। शव का सिर धड़ से अलग था और दाहिना पैर घुटने के नीचे से कटा हुआ था। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया यह मामला ट्रेन की चपेट में आने से हुई मौत का प्रतीत हो रहा है। ग्रामीणों से शव की हुई पहचान शुरुआत में आसपास के ग्रामीणों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में पुलिस की गहन जांच और प्रयासों के बाद मृतका की पहचान सुधा उर्फ शिवकली (23) पुत्री कल्लू रावत, निवासी ग्राम गोस्वा, थाना रहीमाबाद, जनपद लखनऊ के रूप में हुई। पुलिस ने नियमानुसार पंचायतनामा भरने सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए केजीएमयू, लखनऊ भेज दिया गया। ईसापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास घटना मृतका के पिता कल्लू रावत ने बताया कि उनकी बेटी सुधा की मानसिक स्थिति लंबे समय से ठीक नहीं थी। वह कभी-कभार बिना बताए घर से निकल जाती थी। बुधवार शाम जब परिजन खेत गए थे, तब वह घर पर अकेली थी। टहलते हुए वह ईसापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंच गई। पिता के अनुसार, इसी दौरान हरदोई की ओर से आ रही काशी विश्वनाथ ट्रेन की चपेट में आने से सुधा की मौत हो गई। परिवार में पिता कल्लू, माता, दो भाई और एक बहन हैं। इस संबंध में मलिहाबाद इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला ट्रेन की चपेट में आने से हुई मौत का लग रहा है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर मामले की जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *