Headlines

महिलाओं ने कोतवाली थाने के सामने एक घंटे किया संकीर्तन:मंदिर में टिन शेड का काम रुकवाने से आक्रोश, कार्य शुरू कराने की मांग




शहर की मास्टर कॉलोनी स्थित निर्माणाधीन शिव मंदिर में टिन शेड का काम रुकवाने के विरोध में महिला श्रद्धालुओं ने शनिवार शाम को प्रदर्शन किया। कॉलोनी की महिलाएं मंगलपुरा स्थित कोतवाली थाने के सामने पहुंचीं और करीब एक घंटे तक संकीर्तन कर अपना विरोध दर्ज कराया। महिलाओं के अनुसार मास्टर कॉलोनी के शिव मंदिर में बारिश से बचाव के लिए श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु टिन शेड लगाया जा रहा था। इसका उद्देश्य बारिश के दौरान मंदिर आने वाले भक्तों को परेशानी से बचाना था। बताया गया कि कॉलोनी के एक व्यक्ति की आपत्ति के बाद पुलिस ने यह निर्माण कार्य रुकवा दिया। इससे स्थानीय महिला श्रद्धालुओं में नाराजगी फैल गई। निर्माण कार्य रुकने से नाराज महिलाएं कोतवाली झालावाड़ के गेट पर एकत्रित हुईं। उन्होंने वहां लगभग एक घंटे तक संकीर्तन किया। महिलाओं ने कहा कि मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए टिन शेड लगाया जा रहा है और इससे किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। महिलाओं ने मांग की कि मंदिर में टिन शेड का निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू करवाया जाए। उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से भजन-कीर्तन करते हुए अपना विरोध जताया। कॉलोनी के अन्य लोगों ने भी बताया कि निर्माण कार्य रुकने से क्षेत्र के सनातनी लोगों में भी नाराजगी है। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि टिन शेड का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे प्रतिदिन लगभग एक घंटे तक कोतवाली के सामने संकीर्तन कर अपना विरोध जारी रखेंगी। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। नगर परिषद ने भी मौके पर पहुंचकर आपत्ति करने वाले व्यक्ति से बातचीत की।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *