![]()
राजसमंद के कुंवारिया में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिठाई दुकानों पर कार्रवाई कर करीब 30 किलो दूषित मावा, मावे की कचौरी और अन्य खराब खाद्य सामग्री मौके पर नष्ट करवाई। टीम ने दो दुकानों से गुलाब जामुन और मलाई बर्फी के नमूने लिए, जिन्हें जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला, उदयपुर भेजा जाएगा। कार्रवाई रक्षाबंधन से पहले मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित दुकानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान रक्षाबंधन तक लगातार जारी रहेगा और मिलावट करने वालों को किसी भी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा। दो मिठाई दुकानों से लिए नमूने खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सबसे पहले कुंवारिया बस स्टैंड स्थित सांवरिया स्वीट्स का निरीक्षण किया। यहां से गुलाब जामुन का एक नमूना लिया गया। इसके बाद सदर बाजार, आमेट रोड स्थित भेरुनाथ स्वीट सेंटर की जांच की गई। यहां से खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत मलाई बर्फी का नमूना लिया गया। 30 किलो दूषित मावा और खराब सामग्री मिली भेरुनाथ स्वीट सेंटर के निरीक्षण के दौरान दुकान में करीब 30 किलोग्राम दूषित मावा, मावे की कचौरी और अन्य खराब खाद्य सामग्री मिली। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने इन्हें मौके पर ही नष्ट करवा दिया। दोनों दुकानों से लिए गए नमूनों को जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला, उदयपुर भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। रक्षाबंधन तक जारी रहेगा अभियान खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए मिलावट के खिलाफ यह विशेष अभियान रक्षाबंधन तक नियमित रूप से जारी रहेगा। विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रेमचंद शर्मा, सीमा कुमारी, राहुल कुमार जाट और मनीष कुमार मौजूद रहे।
Source link
मिठाई की दुकानों पर छापा, 30 किलो मावा नष्ट कराया:गुलाब जामुन-मलाई बर्फी के सैंपल लिए, जांच के लिए उदयपुर भेजा
