![]()
शाजापुर के सांदीपनि विद्यालय के शिक्षक अवकाश स्वीकृति की नई व्यवस्था से नाराज हैं। गुरुवार शाम करीब 6 बजे बड़ी संख्या में शिक्षकों ने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय पहुंचकर पूर्व व्यवस्था बहाल करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन जिला शिक्षा अधिकारी दीपा किर के नाम सहायक संचालक राजेंद्र को दिया गया। शिक्षकों ने ज्ञापन में बताया कि वर्तमान में सांदीपनि विद्यालय में कार्यरत स्टाफ के अवकाश जिला शिक्षा अधिकारी से स्वीकृत कराने के निर्देश दिए गए हैं। इस नई व्यवस्था के कारण आकस्मिक अवकाश लेने वाले शिक्षकों को भी डीईओ कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे उन्हें परेशानी हो रही है। शिक्षक अर्चना ने बताया कि आकस्मिक अवकाश का अर्थ ही अचानक उत्पन्न हुई परिस्थिति से है। ऐसे में पहले से सूचना देकर अवकाश स्वीकृत करवाना व्यवहारिक नहीं है। उन्होंने कहा कि कई शिक्षक तीन-चार दिनों से अवकाश स्वीकृति के लिए कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं। गंभीर बीमारी या अन्य आवश्यक परिस्थितियों में भी अवकाश नहीं मिल पाने से शिक्षकों पर मानसिक दबाव बढ़ रहा है, जिससे गुणवत्तापूर्ण अध्यापन प्रभावित हो रहा है। शिक्षकों ने मांग की है कि पूर्व की तरह प्राचार्य स्तर से अवकाश स्वीकृत करने की व्यवस्था पुनः लागू की जाए। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से 4 अगस्त को एक आदेश जारी किया गया था। इसमें कलेक्टर के निर्देशों का हवाला देते हुए सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्यों को अवकाश के लिए कलेक्टर से स्वीकृति लेने तथा अन्य स्टाफ को जिला शिक्षा अधिकारी से स्वीकृति प्राप्त करने के बाद ही अवकाश पर जाने के निर्देश दिए गए थे। आदेश में नियमों का पालन नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई थी। मनमानी रोकने नई व्यवस्था जिला शिक्षा अधिकारी दीपा किर ने बताया कि कलेक्टर और अपर कलेक्टर के निरीक्षण के दौरान कई शिक्षक उचित व्यवस्था के बिना अवकाश पर पाए गए थे। इससे विद्यालय संचालन और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। इसी कारण मनमाने ढंग से लिए जाने वाले अवकाश पर रोक लगाने और वैध कारणों के आधार पर ही अवकाश स्वीकृत करने के उद्देश्य से यह नई व्यवस्था लागू की गई है।
Source link
सांदीपनि विद्यालय के शिक्षक नई अवकाश व्यवस्था से परेशान:पूर्व व्यवस्था बहाल करने की मांग को लेकर डीईओ को सौंपा ज्ञापन
