![]()
ममुजफ्फरपुर में बेनीपुर रेलवे हॉल्ट के पास पगडंडी पर एक युवक का शव मिला है। मृतक की पहचान बेदौल गांव निवासी भागीरथ राय के पुत्र अशोक राय (38) के रूप में हुई है। शव की स्थिति और शरीर पर मिले चोट के निशान देखकर उसके साथ मारपीट के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल के पास खून से सना एक पत्थर भी मिला है। आशंका है कि इसी पत्थर से सिर के पीछे वार किया गया है। हालांकि, हत्या की वजह और वारदात में शामिल लोगों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना औराई थाना क्षेत्र के जनार पंचायत की है। सब्जी लेने घर से निकले थे, सुबह मिला शव परिजनों के अनुसार, अशोक राय मंगलवार शाम घर के लिए सब्जी खरीदने निकले थे। इसके बाद वह घर नहीं लौटे। बुधवार सुबह बेनीपुर रेलवे हॉल्ट के पास शव मिलने की सूचना मिली तो परिजन मौके पर पहुंचे और उसकी पहचान की। अशोक के दो पुत्र हैं। परिजनों की ओर से अभी पुलिस को लिखित बयान नहीं दिया गया है। शव के पास मिली बाइक और मोबाइल सूचना मिलने के बाद औराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर अशोक की मोटरसाइकिल और मोबाइल भी मिला है। पुलिस अब मोबाइल को जांच का अहम हिस्सा मानकर यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले अशोक किन लोगों के संपर्क में था और आखिरी बार उसकी बात किससे हुई थी। एफएसएल ने जुटाए साक्ष्य पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम भी पहुंची और वैज्ञानिक तरीके से जांच कर साक्ष्य जुटाए। इंस्पेक्टर मुकेश शर्मा, थानाध्यक्ष सुनील कुमार सहित पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर आसपास के इलाके की भी जांच की। सीडीआर और टावर डंप से खुलेगा राज पुलिस हत्या सहित अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अशोक के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), मोबाइल लोकेशन और टावर डंप की मदद से उसकी गतिविधियों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि मंगलवार शाम घर से निकलने के बाद वह कहां-कहां गया और उसके संपर्क में कौन-कौन लोग थे। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट से मौत की वास्तविक वजह और चोटों की प्रकृति स्पष्ट होने की उम्मीद है। जांच पूरी होने से पहले पुलिस किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचना चाहती।
Source link
मुजफ्फरपुर में रेलवे हॉल्ट के पास मिली युवक की लाश:पीट-पीटकर हत्या की आशंका, मौके से खून से सना पत्थर बरामद; घर से सब्जी लाने निकला था
