![]()
मुजफ्फरपुर में हथौड़ी थाना क्षेत्र के बेरई दक्षिणी गांव में पुलिस ने मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 53 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके घर के पीछे दीवार में बने एक स्थान से करीब 1.039 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। मौके से गांजा तौलने वाला इलेक्ट्रॉनिक तराजू, सील सामग्री और लेखन सामग्री भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2026 को गश्ती के दौरान हथौड़ी थाना के पुलिस पदाधिकारी को वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से सूचना मिली थी कि बेरई दक्षिणी निवासी शंभू राय उर्फ बोधी राय, पिता कमल राय, बाहर से गांजा मंगाकर अपने घर में छिपाकर रखता है और छोटे धंधेबाजों को बेचता है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी और तलाशी एवं जब्ती की कार्रवाई के लिए राजस्व अधिकारी, कटरा को सूचित किया। शाम करीब 6:15 बजे पुलिस टीम शंभू राय के घर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सशस्त्र बल की मदद से उसे पकड़ लिया गया। इसके बाद राजस्व अधिकारी श्याम नारायण मंडल भी मौके पर पहुंचे। तलाशी के दौरान घर के पीछे दीवार के एक हिस्से में बने स्थान से काले रंग की पॉलीथिन में बंद गांजा जैसा पदार्थ बरामद हुआ। वजन करने पर उसका कुल वजन 1.039 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक तराजू समेत अन्य सामग्री भी जब्त कर ली। पुलिस के मुताबिक, बरामद पदार्थ को मौके पर ही विधिवत जब्त कर सील किया गया। जब्ती सूची तैयार कर आरोपी और गवाहों के हस्ताक्षर लिए गए। पूछताछ में आरोपी ने बरामद पदार्थ को गांजा बताया और इसे रुन्नीसैदपुर से लाने की बात कही। मामले में शंभू राय उर्फ बोधी राय के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। हथौड़ी थाना के सहायक थानाध्यक्ष सुमन सौरभ ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच और कार्रवाई जारी है।
Source link
मुजफ्फरपुर में 1 किलो गांजा के साथ व्यक्ति गिरफ्तार:घर में छिपाकर बेच रहा था आरोपी, पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त किया
