Headlines

मूसलधार बारिश में डीएम ने तीनों तहसीलों का दौरा किया:जमीनी हालात का जायजा लिया, बिजली-पानी-आवागमन बहाली के निर्देश दिए




बलरामपुर में लगातार बारिश और तेज हवाओं से जनजीवन पर असर पड़ा है। डीएम डॉ.विपिन कुमार जैन और एसपी मार्तंड प्रकाश सिंह ने शनिवार सुबह 10 से 12 बजे के बीच बलरामपुर,तुलसीपुर और उतरौला तहसीलों का दौरा किया। उन्होंने गिरे पेड़ों, बिजली सप्लाई ठप होने,सड़कों पर आवागमन में रुकावट और जलभराव का जायजा लिया। डीएम ने अधिकारियों को बारिश से हुई समस्याओं को तुरंत ठीक करने,बिजली-आवागमन जल्दी सामान्य करने और नुकसान का आकलन कर प्रभावितों को नियमों के हिसाब से मदद देने के निर्देश दिए।उन्होंने यह भी कहा कि मरम्मत के दौरान सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन हो। उतरौला में डीएम पिपरा घाट पहुंचे और राप्ती नदी का जलस्तर देखा।शनिवार सुबह 10 बजे जलस्तर 103.00 मीटर था,जबकि खतरे का निशान 104.620 मीटर है।नदी का पानी चेतावनी स्तर 103.620 मीटर से सिर्फ 0.620 मीटर नीचे है।डीएम ने जलस्तर पर लगातार नजर रखने और तटवर्ती इलाकों में सतर्कता बरतने को कहा।
बिजली विभाग की टीमें प्रभावित इलाकों में मरम्मत में लगी हैं।विभिन्न मार्गों पर गिरे पेड़ों और अन्य अवरोधों का भी डीएम ने जायजा लिया।उन्होंने अधिकारियों को तत्काल अवरोध हटाकर आवागमन सुचारु कराने के निर्देश दिए।प्रमुख सड़कों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के संपर्क मार्गों पर भी विशेष निगरानी रखने को कहा गया है। डीएम के निर्देशन में एडीएम,सभी एसडीएम और पुलिस अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर स्थिति पर नजर रख रहे हैं।राजस्व,पुलिस,विद्युत और अन्य संबंधित विभागों की टीमें आपसी समन्वय से राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।बारिश से हुई क्षति का आकलन कर प्रभावित लोगों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। डीएम ने जनपदवासियों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों,नदी-नालों,क्षतिग्रस्त बिजली के तारों और पोलों से दूर रहने तथा तेज हवाओं के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी।किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना देने को कहा गया है। प्रशासन का कहना है कि जनपद में बारिश से उत्पन्न परिस्थितियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और आमजन की सुरक्षा के साथ बिजली,सड़क समेत आवश्यक सेवाओं की बहाली को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *