![]()
मोगा में पंजाब सरकार के ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। शनिवार को मोगा टूर एंड ट्रैवल टैक्सी स्टैंड, बुग्गीपुरा चौक पर टैक्सी चालकों के लिए यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसका आयोजन वरिष्ठ पुलिस कप्तान मोगा के दिशा-निर्देशों तथा डीएसपी सब-डिवीजन मोगा जतिंदर सिंह और डीएसपी ट्रैफिक मोगा के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक एजुकेशन सेल मोगा के प्रभारी एएसआई केवल सिंह ने टैक्सी चालकों को संबोधित किया। उन्होंने यातायात संकेतों, सड़क सुरक्षा नियमों, 112 हेल्पलाइन, नशा मुक्ति अभियान और साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। ASI की अपील- अपने पास रखें ड्राइविंग लाइसेंस एएसआई केवल सिंह ने वाहन चालकों से कई महत्वपूर्ण अपीलें कीं। उन्होंने ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने, वाहन के सभी दस्तावेज पूरे रखने, तेज गति से वाहन चलाने से बचने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और नशे की हालत में वाहन न चलाने का आग्रह किया। साथ ही, 112 आपातकालीन हेल्पलाइन के सही उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया। नशा मुक्ति अभियान के तहत, कार्यक्रम में नशे के दुष्प्रभावों पर भी प्रकाश डाला गया। उपस्थित लोगों से अपील की गई कि यदि उन्हें किसी नशा तस्कर के बारे में जानकारी मिलती है, तो वे हेल्पलाइन नंबर 97791-00200 पर इसकी सूचना दें। इसका उद्देश्य समाज को नशामुक्त बनाने के अभियान को सफल बनाना है। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के मद्देनजर, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय भी बताए गए। किसी भी साइबर अपराध की शिकायत के लिए तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क करने की सलाह दी गई। इस अवसर पर टैक्सी स्टैंड के प्रधान कुलविंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में टैक्सी चालक और अन्य नागरिक उपस्थित थे।
Source link
मोगा में टैक्सी ड्राइवरों को पुलिस की सीख:लाइसेंस-दस्तावेज साथ रखें, नशे में ड्राइविंग से बचें; साइबर ठगी पर 1930 पर करें शिकायत
