Headlines

मोहाली में 7 दुकानों की कॉपर वायर चोरी:पुलिस बीट बॉक्स के ऊपर से छत पर पहुंचे चोर, शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं




मोहाली के फेज-5 की मार्केट में चोरों ने एक साथ 7 दुकानों की छतों से एसी की कॉपर वायर काटकर चोरी कर ली। दुकानदारों का आरोप है कि मार्केट में चोरी की यह दूसरी वारदात है। करीब एक सप्ताह पहले भी एक दुकान की छत से कॉपर वायर चोरी हुई थी, जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई थी। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब चोरों ने दोबारा 7 दुकानों को निशाना बनाया है। दुकानदारों का कहना है कि मार्केट में पुलिस का बीट बॉक्स भी है। चोर बीट बॉक्स के ऊपर से होकर छतों तक पहुंचते हैं और वारदात को अंजाम देने के बाद इसी रास्ते से फरार हो जाते हैं। दुकानदारों ने पुलिस को यह जानकारी भी दी, लेकिन इसके बावजूद पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं होने से उनमें रोष है। अब दुकानदार खुद ही अपनी दुकानों की सुरक्षा करने को मजबूर हैं। अब जानिए कैसे हुई चोरी… पहले एक दुकान से कॉपर वायर चोरी: फेज-5 मार्केट के दुकानदार पटेल प्रमोद, संदीप और प्रवीण ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले एक दुकान की छत से एसी की कॉपर वायर चोरी हो गई थी। दुकानदारों ने घटना की जानकारी फेस-1 थाना पुलिस को दी और शिकायत भी की। उनका आरोप है कि शिकायत देने के बाद भी पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद चोरों के हौसले और बढ़ गए। 7 दुकानों को बनाया निशाना: दुकानदारों के अनुसार, अब चोरों ने दोबारा मार्केट में धावा बोला। इस बार एक साथ 7 दुकानों की छतों पर लगे एसी की कॉपर वायर काटकर चोरी कर ली गई। चोर रात के समय छत पर पहुंचे और वायर काटकर अपने साथ ले गए। सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो उन्हें चोरी का पता चला। पुलिस को दोबारा दी शिकायत: सात दुकानों में चोरी का पता चलने के बाद दुकानदारों ने दोबारा पुलिस को इसकी जानकारी दी। उनका कहना है कि पहले की चोरी की शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई और अब फिर से उसी मार्केट में बड़ी वारदात हो गई। दुकानदारों ने पुलिस से चोरों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस बीट बॉक्स के ऊपर से जाते चोर: दुकानदारों ने बताया कि जिस जगह चोरी हुई, उसके अंदर ही पुलिस का बीट बॉक्स बना हुआ है। चोरों के छत तक पहुंचने का रास्ता बीट बॉक्स के ऊपर से होकर जाता है। दुकानदारों का आरोप है कि चोर इसी रास्ते का इस्तेमाल कर छतों पर चढ़ते हैं और वारदात के बाद भी इसी रास्ते से नीचे उतरकर फरार हो जाते हैं। पंजाब साइबर सेल सामने: दुकानदारों ने बताया कि जिन दुकानों को चोरों ने निशाना बनाया, उनके ठीक सामने पंजाब पुलिस का साइबर सेल भी है। इसके बावजूद चोर लगातार चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि पुलिस की मौजूदगी वाले इलाके में लगातार चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। दुकानदारों का कहना है कि उन्होंने पुलिस को यह भी बताया है कि चोर किस रास्ते से छतों पर पहुंचते हैं। बीट बॉक्स के ऊपर से छत पर जाने का रास्ता चोरों के लिए आसान बना हुआ है। इसके बावजूद उस रास्ते को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। दुकानदारों का आरोप है कि अगर पुलिस पहले चोरी की शिकायत पर कार्रवाई करती तो शायद दूसरी वारदात नहीं होती। दुकानदार खुद कर रहे सुरक्षा: दुकानदारों का कहना है कि लगातार दो बार चोरी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं। पहले एक दुकान को निशाना बनाया गया और अब एक साथ 7 दुकानों की कॉपर वायर चोरी कर ली गई। दुकानदारों को डर है कि अगर चोरों को जल्द नहीं पकड़ा गया तो वे आने वाले दिनों में और दुकानों को निशाना बना सकते हैं। लगातार चोरी की घटनाओं से दुकानदारों में डर का माहौल है। दुकानदारों का कहना है कि पुलिस को शिकायत देने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने के कारण अब उन्हें खुद ही अपनी दुकानों और सामान की सुरक्षा करनी पड़ रही है। उन्होंने पुलिस से रात के समय मार्केट में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *