Headlines

यमुनानगर में मारपीट कर रहे युवकों को रोकना पड़ा भारी:घेरकर तलवार-बिंडों से पीटा; कंधा-बाजू और टांग तोड़ी, मोबाइल भी छीना




यमुनानगर के गांधी नगर क्षेत्र में सड़क पर एक युवक के साथ मारपीट कर रहे युवकों को रोकना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि मारपीट करने वाले युवकों ने कुछ देर बाद उसे रास्ते में घेर लिया और तलवार-बिंडों से हमला कर दिया। हमले में उसका कंधा, बाजू व टांगे तोड़ दी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद वह मौके पर बेहोश होकर गिर गया। होश आने पर उसने खुद को सिविल अस्पताल में भर्ती पाया। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि हमलावर उसका मोबाइल फोन भी निकालकर ले गए। पुलिस ने पीड़ित के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भंडारे में खाना खाने जा रहे थे गांधी नगर निवासी अजय कुमार ने बताया कि वह मेहनत-मजदूरी करता है। काम से घर लौटने के बाद उसने अपने पड़ोसी दोस्त अजय को घर बुलाया था। उसका दोस्त मोटरसाइकिल पर आया। इसके बाद दोनों गेहूं लेकर गांधी नगर में आटा चक्की पर गए। गेहूं चक्की पर रखने के बाद दोनों वापस लौट रहे थे। इसी दौरान दोस्त अजय ने भंडारा खाने के लिए चलने की बात कही। पीड़ित के अनुसार, रात करीब नौ बजे दोनों मोटरसाइकिल से मुन्ना नाई की दुकान के पास पहुंचे। वहां उन्होंने करीब 7-8 युवकों को एक युवक के साथ मारपीट करते देखा। उसने अपनी मोटरसाइकिल रोक दी और युवकों के पास जाकर उस युवक को नहीं पीटने के लिए कहा, लेकिन युवकों ने उसकी बात नहीं मानी। इसके बाद उसके दोस्त अजय ने उसे वहां से चलने के लिए कहा। तलवार-बिंडों से किया हमला अजय ने बताया कि मौके पर उसका चाचा का बेटा मोनू भी खड़ा था। वह मोनू के साथ पैदल अपने घर की तरफ चल पड़ा। जब दोनों मुन्ना नाई की दुकान से कुछ आगे बीटा सरदार के घर के पास पहुंचे तो सामने से 6-7 युवक आते दिखाई दिए। पीड़ित के मुताबिक, उन्हें देखकर वह वापस मुन्ना नाई की दुकान की तरफ भागा, लेकिन वहां पहुंचते ही युवकों ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि इसके बाद सभी युवकों ने मिलकर तलवार और बिंडों से उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उसकी दाहिनी बाजू, दाहिने कंधे और दोनों टांगों सहित शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर वार किए। हमले के दौरान वह मौके पर बेहोश होकर गिर गया। जब उसे होश आया तो वह सिविल अस्पताल में भर्ती था। पीड़ित ने यह भी बताया कि झगड़े के दौरान उसका मोबाइल फोन भी निकालकर ले जाया गया। अजय के अनुसार, आरोपियों ने उसे धमकी भी दी कि यदि वह दोबारा किसी मामले में बीच में आया तो उसे जान से मार देंगे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी आयान सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *