Headlines

'ये गुलाब जामुन खाकर दिखा दो, कोई पैसे नहीं लूंगा':कस्टमर बोला-पैक में बदबू आ रही, मां को उल्टियां हुईं; कैथल ब्लिंकिट सेंटर पर हंगामा




कैथल में ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म ब्लिंकिट के जरिये ऑर्डर की गई गुलाब जामुन को लेकर हंगामा हो गया। एक कस्टमर गुलाब जामुन का डिब्बा लेकर ब्लिंकिट के सेंटर पहुंच गया। उसका दावा था कि मिठाई बदबूदार है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें कस्टमर ब्लिंकिट सेंटर के कर्मियों से कह रहा है- कोई एक पीस खाकर दिखा दो, इतनी गंदी बदबू आ रही। मैं एक पैसा नहीं लूंगा आपसे। दैनिक भास्कर वीडियो में नजर आ रहे कस्टमर तक पहुंचा। उन्होंने बताया कि बुधवार रात को 10 बजे मीठा खाने का मन हुआ तो ब्लिंकिट से गुलाब जामुन ऑर्डर किए थे। पैक खोला तो उसमें बदबू आ रही थी। उन्होंने ऐप पर शिकायत की तो डिलीवरी एजेंट ने आकर कहा कि ये डिब्बा आपने खोल दिया है, इसलिए पैसे रिफंड नहीं होंगे। उसके बाद वह सेंटर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां मौजूद मैनेजर ने कहा-जो आप से बनता, कर लो। इसी के बाद वीडियो बनाकर पोस्ट की। दूसरी तरफ दैनिक भास्कर ने ब्लिंकिट सेंटर के इंचार्ज से बात की। उन्होंने कस्टमर के आरोपों पर ज्यादा जानकारी देने से इनकार करते हुए सिर्फ इतना कहा कि उन्होंने किसी के साथ बदतमीजी नहीं की। पहले जानिए वीडियो में क्या दिख रहा… गुलाब जामुन रिप्लेस कराने पहुंचा युवक वीडियो में युवक गुलाब जामुन का डिब्बा लेकर ब्लिंकिट सेंटर पहुंचता है। वह कर्मचारियों से कहता सुनाई देता है कि गुलाब जामुन से बदबू आ रही है, इसलिए वह इन्हें नहीं रखना चाहता। कर्मचारी रिप्लेस करने की बात कहते हैं, लेकिन युवक रिप्लेसमेंट के बजाय रिफंड मांगता है। रिफंड को लेकर कर्मचारी से बहस कर्मचारी रिफंड देने से मना करते हैं। इस पर युवक कहता है कि उसके पास भी चार दुकानें हैं और वह अपने ग्राहकों को कभी गलत सामान नहीं बेचता। इसके बाद वो वीडियो बनाते हुए इसे इंस्टाग्राम पर डालने की बात कहता है। कस्टमर ने जो कहा…उसी के शब्दों में भाई यूं बता ये रिप्लेस होगा या नहीं, आधे घंटे पहले ऑर्डर किया था। रिप्लेस करने का कह रहे, कोई एक पीस खाकर दिखा दो, इतनी गंदी बदबू आ रही। मेरी गलती बता दो। कस्टमर की गलती क्या है।
(इस पर कर्मचारी कहते हैं कि हम आपको रिप्लेस करके दे रहे हैं।) ये सील्ड पैक है, इसमें से एक पीस खाकर दिखा दो, मैं एक पैसा नहीं लूंगा आपसे। सड़ा हुआ माल बेच रहे हो। मुझे रिप्लेस नहीं करना या तो पैसे दो या मुझे इसके बदले आटा दे दो फिर। अब जानिए कस्टमर ने क्या बताया पूरा मामला… गुलाब जामुन खाने के बाद मां को उल्टी कैथल के विशाल कुमार ने बताया कि उनकी पुरानी सब्जी मंडी में विशाल बूट हाउस के नाम से शॉप है। विशाल के अनुसार, बुधवार रात 10 बजे उन्होंने खाना खाने के बाद मुंह मीठा करने की सोची। इसके बाद ऑर्डर कर दिया। ऑर्डर आने पर उनकी मां ने एक गुलाब जामुन खाया तो उन्हें उल्टी लग गईं। जब मैंने गुलाब जामुन सूंघा तो उसमें से बहुत गंदी बदबू आ रही थी। इसके बाद वह डिब्बा लेकर ढांड रोड स्थित ब्लिंकइट सेंटर पहुंचा, जहां उन्होंने सामान बदलने या वापस करने को कहा। मैनेजर बोला- जो आपसे बनता है कर लो विशाल का आरोप है कि मैनेजर ने सामान बदलने से इनकार कर दिया। उन्होंने मैनेजर से डिब्बे में से एक गुलाब जामुन खाने को भी कहा, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। विशाल के मुताबिक, मैनेजर ने कहा कि “जो आपसे बनता है कर लो।” FSSAI में शिकायत करने की बात विशाल ने कहा कि वह मामले की शिकायत FSSAI से करेंगे। उनका कहना है कि लोग रोजाना ऑनलाइन फूड ऑर्डर करते हैं, ऐसे मामलों से ऑनलाइन डिलीवरी पर लोगों का भरोसा प्रभावित हो रहा है। उधर, जब इस बारे में ब्लिंकइट के कैथल मैनेजर से बात की गई तो उन्होंने नाम ना बताते हुए कहा कि वे इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देना चाहते। हालांकि, उन्होंने ये कहा कि मैंने ग्राहक के साथ कोई बदतमीजी नहीं की और न ही उसे कुछ भी करने वाली बात कही।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *