![]()
बारां जिला प्रशासन की ‘योजना साथी’ पुस्तिका आम लोगों के लिए मददगार साबित हो रही है। इस पुस्तिका में केंद्र और राज्य सरकार की 100 से ज्यादा जन कल्याणकारी योजनाओं की पूरी जानकारी एक ही जगह मिल रही है। इससे जिले के पात्र लोगों को फायदा हो रहा है। अब उन्हें योजनाओं की जानकारी के लिए अलग-अलग विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा के निर्देश पर 74 पेज की यह पुस्तिका तैयार की गई है। इसमें हर योजना की पात्रता, जरूरी दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले फायदे की जानकारी आसान भाषा में दी गई है। इससे ग्रामीण इलाकों के लोग भी इसे आसानी से समझ सकते हैं। कलेक्टर बालमुकुंद असावा ने बताया कि अक्सर जानकारी न होने के कारण कई पात्र लोग सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते। खासकर ग्रामीण इलाकों में महिला, किसान और विद्यार्थी वर्ग को सही जानकारी समय पर नहीं मिल पाती। इसी समस्या को दूर करने के लिए ‘योजना साथी’ छापी गई है। कलेक्टर ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों, उपखंड अधिकारियों, तहसीलदारों, विकास अधिकारियों, ग्राम पंचायतों, सरकारी स्कूलों, कॉलेजों और पुस्तकालयों में यह पुस्तिका उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
Source link
'योजना साथी' बनी आमजन का संबल:एक किताब में मिल रही केंद्र-राज्य की 100 से ज्यादा योजनाओं की जानकारी
