![]()
रामगढ़ बाजार में आवश्यक खाद्य सामग्रियों की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से आम लोगों का रसोई बजट बिगड़ गया है। पिछले एक महीने में सरसों तेल और चीनी के दाम में प्रति लीटर/किलो करीब 20 रुपए तक की वृद्धि हुई है। वहीं महज 10 दिनों में प्याज की कीमत 35 रुपए से बढ़कर 50 रुपए प्रति किलो हो गई है। दालों के भाव में भी तेजी देखी जा रही है। पहले 105-110 रुपए प्रति किलो बिक रही राहड़ दाल अब 120-130 रुपए किलो तक पहुंच गई है। रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली इन खाद्य वस्तुओं के दाम अचानक बढ़ने से सबसे अधिक असर मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों पर पड़ रहा है। गृहिणियों का कहना है कि पहले से तय घरेलू बजट में अचानक बढ़ी कीमतों के कारण जरूरी सामान की खरीदारी भी मुश्किल हो रही है। खाद्य सामग्री की कीमतों में लगातार वृद्धि ने परिवारों के मासिक खर्च का हिसाब बिगाड़ दिया है। 10 दिनों में प्याज के भाव में 15 रुपए की उछाल किराना दुकानदारों के अनुसार, करीब एक माह पहले सरसों तेल 165 रुपए प्रति लीटर बिक रहा था। अब इसकी कीमत बढ़कर 185 रुपए प्रति लीटर हो गई है। इसी तरह चीनी के भाव में भी अचानक तेजी आयी है। एक माह पहले 45-50 रुपए प्रति किलो बिकने वाली चीनी अब खुदरा बाजार में 65-70 रुपए किलो तक पहुंच गई है। प्याज की कीमत में सबसे तेज बढ़ोतरी देखने को मिली है। गृहिणियों के अनुसार, महज 10 दिन पहले प्याज 35 रुपए किलो था, लेकिन अब इसके लिए 50 रुपए प्रति किलो तक चुकाना पड़ रहा है। यानी 10 दिनों में प्याज 15 रुपए प्रति किलो महंगा हो गया है। दालों के दाम भी बढ़े हैं। राहड़ दाल 105-110 रुपये किलो से बढ़कर 120-130 रुपए किलो हो गई है। चीनी के दाम को लेकर दुकानदार-ग्राहक में विवाद चीनी के दाम में अचानक हुई बढ़ोतरी को लेकर बाजार में दुकानदारों और ग्राहकों के बीच विवाद की स्थिति भी बन रही है। ग्राहक बढ़े हुए भाव को लेकर सवाल कर रहे हैं, जबकि दुकानदार बाजार में बढ़ी कीमतों का हवाला दे रहे हैं। गृहिणी मीना जैन, उषा देवी और बबीता देवी ने बताया कि तेल, चीनी और प्याज के लगातार बढ़ते दाम से रसोई का पूरा बजट गड़बड़ा गया है। रोजमर्रा की जरूरतों की चीजें महंगी होने से घरेलू खर्चों का प्रबंधन मुश्किल हो रहा है। उनका कहना है कि खाद्य पदार्थों की कीमत में थोड़ी-थोड़ी वृद्धि भी महीने के अंत तक परिवार के बजट पर बड़ा असर डालती है। ऐसे में अचानक बढ़े दामों ने परेशानी और बढ़ा दी है। 15 लीटर तेल के कनस्तर पर 225 रुपए अतिरिक्त बोझ कीमतों में बढ़ोतरी का असर थोक खरीदारी पर भी साफ दिख रहा है। एक माह पहले 15 लीटर सरसों तेल की कीमत करीब 2475 रुपए थी, जो अब बढ़कर 2700 रुपए हो गई है। यानी 15 लीटर तेल खरीदने पर लोगों को अब करीब 225 रुपए अधिक खर्च करने पड़ रहे हैं। बाजार में खाद्य सामग्रियों के बढ़े दामों ने आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है। सरसों तेल, चीनी, प्याज और दाल जैसी रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमत बढ़ने से घरेलू बजट पर सीधा असर पड़ रहा है। गृहिणियों का कहना है कि यदि कीमतों में इसी तरह बढ़ोतरी जारी रही तो आने वाले दिनों में रसोई का खर्च संभालना और मुश्किल हो जाएगा।
Source link
रामगढ़ में महंगी हुई रसोई:सरसों तेल 165 से 185, चीनी 45-50 से बढ़कर 65-70 रुपए किलो हुई, बजट बिगड़ा
