![]()
रामपुर नगर परिषद क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से जल्द ही ‘स्वच्छ शहर, रामपुर बुशहर’ अभियान शुरू किया जाएगा। इस विशेष अभियान के तहत नगर परिषद के सभी 8 वार्डों में प्रत्येक 10 दिन में स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाएगा। यह निर्णय मंगलवार को अध्यक्ष करण शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित नगर परिषद की मासिक बैठक में लिया गया। मासिक बैठक में सभी नवनिर्वाचित पार्षदों ने भाग लिया, जबकि बैठक की कार्यवाही का संचालन वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी ने किया। उन्होंने पार्षदों को नगर परिषद के आय-व्यय, संचालित विकास कार्यों, लंबित योजनाओं तथा बिजली और सीवरेज व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी। डेंगू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ होगी बैठक बैठक के दौरान बीआर नेगी ने बताया कि नगर परिषद के सुचारू संचालन के लिए स्टैंडिंग कमेटी, फाइनेंस, सोशल वेलफेयर और एफआरसी (FRC) सहित कई प्रमुख समितियों का गठन किया जाएगा। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए 5 लाख रुपये से अधिक लागत वाले सभी कार्यों के लिए ऑनलाइन टेंडर जारी किए जाएंगे। शहर में डेंगू के बढ़ते मामलों और रोकथाम की व्यवस्थाओं को देखते हुए नगर परिषद जल्द ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ एक विशेष समीक्षा बैठक आयोजित करेगी। हर वार्ड से मांगे गए दो-दो विकास प्रस्ताव नगर परिषद ने सभी पार्षदों को अपने-अपने वार्डों से संबंधित दो-दो प्राथमिकता वाले विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं, जिनके आधार पर आगामी योजनाएं बनाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त, खाली पड़ी भूमि पर पार्क, पार्किंग और दुकानों के निर्माण की संभावनाएं तलाशने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। बैठक में इन प्रमुख मुद्दों पर बनी सहमति: सड़क और पुल निर्माण: वार्ड नंबर 4 में सतलुज कैफे से ब्रौ पुल तक सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा किया जाएगा तथा नगर परिषद कार्यालय के पीछे सतलुज नदी पर नए पुल का निर्माण होगा। सुविधाओं का विस्तार: शहर में ओपन जिम का निर्माण और रैन बसेरा भवन की मरम्मत कराई जाएगी। रास्तों की मरम्मत: मुख्य बाजार से नगर परिषद कार्यालय तक के खराब रास्ते की मरम्मत के लिए जल्द टेंडर जारी होंगे। कचरा प्रबंधन की नई व्यवस्था: अब घरों से 4 दिन गीला कचरा और 2 दिन सूखा कचरा एकत्र किया जाएगा। टैक्स व किराया वसूली: लंबित हाउस टैक्स और दुकानों के किराए से जुड़े मामलों पर भी चर्चा की गई।
Source link
रामपुर में'स्वच्छ शहर' अभियान, पार्षदों से मांगे प्रस्ताव:नगर परिषद के हर वार्ड में होगा विकास, डेंगू पर स्वास्थ्य विभाग के साथ होगी बैठक
