Headlines

रायगढ़ में निगरानी बदमाश शिवा सारथी गैंग गिरफ्तार:दो घरों में चोरी, 63 हजार कैश और सोने के टॉप्स समेत 2 लाख की संपत्ति जब्त




छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में निगरानी बदमाश की गैंग ने दो अलग-अलग घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति-पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 63,700 रुपए नकद सहित करीब 2 लाख रुपए की चोरी की संपत्ति बरामद की गई है। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार पहली चोरी सूर्या विहार, कौहाकुंडा निवासी प्रोफेसर सरोज कुमार चंद्रा के घर में हुई थी। यहां घर के पोर्च में खड़ी बच्चे की रेंजर साइकिल चोरी कर ली गई थी। दूसरी वारदात दीनदयालपुरम कॉलोनी फेस-1 में हुई। सूने मकान का ताला तोड़कर चोर अलमारी से 70 हजार रुपए नकद, सोने के टॉप्स और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। मकान मालकिन सेवती पटेल अपनी सास के निधन पर बरमकेला गई थीं। लौटने पर उन्होंने घर का ताला टूटा देखा, जिसके बाद चोरी का पता चला। CCTV फुटेज से पति-पत्नी की पहचान दोनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने और आसपास के CCTV फुटेज खंगालने पर एक महिला और एक पुरुष संदिग्ध रूप से दिखाई दिए। मुखबिरों की मदद से उनकी पहचान टीवी टावर क्षेत्र निवासी शिवा सारथी (20) और उसकी पत्नी पिंकी सारथी के रूप में हुई। सोने के टॉप्स बेचने पहुंचा आरोपी इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक चोरी के सोने के टॉप्स बेचने के लिए शहर की ज्वेलरी दुकानों के चक्कर लगा रहा है। घेराबंदी कर पुलिस ने शिवा सारथी को हिरासत में लिया।पूछताछ में उसने बताया कि उसने अपने साथी कुश केरकेट्टा (28), निवासी छोटे अतरमुड़ा, के साथ दिन में सूर्या विहार से रेंजर साइकिल चोरी की थी। रात में सूने मकान का ताला तोड़कर की चोरी शिवा ने यह भी बताया कि उसी रात उसने पत्नी पिंकी सारथी और साथी प्रभात राय उर्फ सोनू बंगाली (24), निवासी पंजरी प्लांट, के साथ दीनदयालपुरम कॉलोनी के सूने मकान का ताला लोहे की रॉड से तोड़कर अलमारी से नकदी और जेवर चोरी किए। चोरी की रकम आपस में बांट ली गई, जबकि बाकी पैसे शराब और अन्य खर्चों में उड़ा दिए गए। 63,700 रुपए समेत चोरी का सामान बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शिवा सारथी के पास से 25 हजार रुपए नकद और चोरी की रेंजर साइकिल, पिंकी सारथी के पास से 8,700 रुपए नकद, सोने के टॉप्स और पीतल का लोटा, प्रभात राय उर्फ सोनू बंगाली के पास से 30 हजार रुपए नकद और वारदात में इस्तेमाल बाइक, जबकि कुश केरकेट्टा के पास से साइकिल चोरी में इस्तेमाल बाइक बरामद की। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) भी जोड़ी गई है। सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। SSP बोले- संपत्ति संबंधी अपराधों पर जीरो टॉलरेंस SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस संपत्ति संबंधी अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। चोरी की हर घटना का वैज्ञानिक और तकनीकी आधार पर जल्द खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जा रही है। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *