![]()
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में साइबर जागृत अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें पुलिस द्वारा नई पहल करते हुए अब लोगों को जागरूक करने शॉर्ट फिल्म प्रतियोगिता का आयोजन करने जा रही है। जिसके तहत कई भी वर्ग के लोग 2 कैटिगरी में साइबर जागरूकता से जुड़ी शॉर्ट फिल्म बनाकर उसे गुगल ड्राइव में अपलोड करेंगे और 6 मिनट के शॉर्ट फिल्म के विजेता को प्रथम पुरस्कार 1 लाख व 3 मिनट कर श्रेणी वाले विजेता को 75 हजार रुपये पुरस्कार में दिया जाएगा। पुलिस कंट्रोल रूम में साइबर जागृत अभियान के तहत इस प्रतियोगिता के बारे में जानकारी देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि साइबर अपराध जागरूकता पर आधारित लघु फिल्म प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस अभिनव पहल का थीम संकल्प साइबर क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़ रखा गया है। इस अभियान में रायगढ़ के रोटरी क्लब का विशेष सहयोग रहेगा और प्रतियोगिता का प्रबंधन टेक 3 स्टूडियो द्वारा किया जाएगा। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि तेजी से बढ़ते डिजिटल लेन-देन और सोशल मीडिया के उपयोग के साथ साइबर अपराधों के तरीके भी लगातार बदल रहे हैं। अपराधी भय, लालच, विश्वास, जल्दबाजी और तकनीकी जानकारी की कमी का लाभ उठाकर नागरिकों को अपना शिकार बना रहे हैं। ऐसे में केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना ही पर्याप्त नहीं है, नागरिकों को पहले से सतर्क, जागरूक और डिजिटल रूप से जिम्मेदार बनाना भी आवश्यक है।
किसी भी वर्ग के लोग हिस्सा ले सकते हैं
SSP ने बताया कि लघु फिल्म प्रतियोगिता के माध्यम से फिल्मकारों, विद्यार्थियों, युवाओं, कंटेंट क्रिएटर्स, सामाजिक संस्थाओं व आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा का संदेश सरल और प्रभावी भाषा में प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित किया गया है। मोबाइल फोन से बनाई गई फिल्में भी स्वीकार की जाएगी और उन्हें विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में किसी भी वर्ग के लोग हिस्सा ले सकते हैं।
2 अलग-अलग श्रेणी में होगी प्रतियोगिता
प्रतियोगिता दो अलग-अलग श्रेणियों में आयोजित की जाएगी। जिसमें फिल्म की अवधि 3 मिनट से अधिक और अधिकतम 6 मिनट होनी चाहिए। यह श्रेणी विस्तृत कहानी, पात्रों, अपराध की प्रक्रिया, पीड़ित पर प्रभाव व समाधान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने वाली फिल्मों के लिए है। इसमें प्रथम पुरस्कार, 1 लाख, द्वितीय पुरस्कार 75 हजार व तृतीय पुरस्कार 50 होगा। इसके अलावा दूसरी श्रेणी में फिल्म अथवा रील अधिकतम 3 मिनट होनी चाहिए। यह श्रेणी एक स्पष्ट घटना, प्रभावशाली चेतावनी या संक्षिप्त जन-जागरूकता संदेश पर आधारित फिल्मों के लिए है। इसमें प्रथम पुरस्कार 75 हजार, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार व तृतीय पुरस्कार 25 हजार होगी।
निर्णायक मंडल का निर्णय अंतिम व मान्य
प्रतिभागी के पास फिल्म में प्रयुक्त संगीत, दृश्य, चित्र व अन्य सामग्री के आवश्यक अधिकार होने चाहिए। संवेदनशील मामलों में पीड़ित की पहचान और निजी जानकारी सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा। निर्णायक मंडल का निर्णय अंतिम व मान्य होगा। चयनित फिल्मों का उपयोग जन-जागरूकता और सोशल मीडिया प्रचार के लिए किया जा सकता है। फिल्म सीधे आवेदन फॉर्म में अपलोड नहीं करनी होगी। प्रतिभागी अपनी फिल्म गुगल ड्राइव या किसी अन्य विश्वसनीय फाइल-होस्टिंग प्लेटफॉर्म पर अपलोड करके उसका सक्रिय और सार्वजनिक रूप से देखने योग्य लिंक जमा कर सकेंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने और विस्तृत जानकारी के लिए फिल्मोत्सव-ओआरजी पर संपर्क किया जा सकता है।
महत्वपूर्ण तिथियां
प्रविष्टि जमा करने की अंतिम तिथि- 24 सितंबर 2026
परिणाम की घोषणा- 27 सितंबर 2026
परिणाम स्थल- ऑडिटोरियम, रायगढ़
प्रतियोगिता के प्रमुख विषय
1. वरिष्ठ नागरिकों के खिलाफ साइबर अपराध
2. डिजिटल अरेस्ट व फर्जी पुलिस, CBI, कस्टम या बैंक अधिकारी बनकर ठगी
3. हनीट्रैप, सेक्सटॉर्शन, ब्लैकमेल और ऑनलाइन जबरन वसूली
4. OTP, UPI, QR कोड, क्रेडिट-डेबिट कार्ड और इंटरनेट बैंकिंग धोखाधड़ी
5. फिशिंग ईमेल, फर्जी एसएमएस, कॉल और लिंक के माध्यम से ठगी
6. एपीके फाइल व अनजान मोबाइल एप डाउनलोड करवाकर की जाने वाली ठगी
7. स्क्रीन शेयरिंग, रिमोट एक्सेस एप और मालवेयर से संबंधित अपराध
8. पहचान की चोरी, सीम स्वैप और सोशल मीडिया अकाउंट टेकओवर
9. साइबर बुलिंग, ऑनलाइन उत्पीड़न, ट्रोलिंग, साइबर स्टॉकिंग और डॉक्सिंग
10. फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, डीपफेक, मॉर्फिंग और प्रतिरूपण
11. फर्जी निवेश, ट्रेडिंग, क्रिप्टोकरेंसी और त्वरित लाभ संबंधी धोखाधड़ी
12. फर्जी नौकरी, वर्क-फ्रॉम-होम, टास्क और लोन एप घोटाले
13. ई-कॉमर्स, टिकट, कूरियर, रिफंड और कस्टमर केयर से जुड़ी ठगी
14. महिलाओं एवं बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा
15. रैनसमवेयर, डेटा चोरी और बिजनेस ईमेल कम्प्रोमाइज
16. फेक न्यूज, डिजिटल गोपनीयता और सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार
Source link
रायगढ़ में पुलिस की पहल; शॉर्ट फिल्म प्रतियोगिता:किसी भी वर्ग के लोग 2 कैटिगरी में बनाएंगे फिल्मे, साइबर जागृत अभियान के तहत करेंगे लोगों को जागरूक
