![]()
रायपुर जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर टुमन उर्फ लल्ला सोनवानी को जेल भेजने के दौरान बड़ा बवाल हो गया। आरोपी के परिजनों और समर्थकों ने पहले थाने में जमकर हंगामा किया, फिर रास्ते में पुलिस वाहन रोककर उसे छुड़ाने की कोशिश की। पुलिस ने बल प्रयोग कर स्थिति पर काबू पाया और आरोपी को सुरक्षित केंद्रीय जेल रायपुर पहुंचाया। मामले में हंगामा करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। अब पढ़े क्या है पूरा मामला पुलिस के मुताबिक, रायपुर कलेक्टर के आदेश पर हिस्ट्रीशीटर टुमन उर्फ लल्ला सोनवानी के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई की गई थी। गिरफ्तारी के बाद उसे कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए गोबरा नवापारा थाने लाया गया। इसी दौरान आरोपी के परिजन और समर्थक थाने पहुंच गए और कार्रवाई का विरोध करते हुए गाली-गलौज व हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने किसी तरह हालात को नियंत्रित किया और आरोपी को जेल ले जाने के लिए रवाना हुई। बताया गया कि ग्राम बजरंगपुर के पास आरोपी के परिजनों ने दो-तीन चारपहिया वाहन सड़क पर खड़े कर पुलिस वाहन का रास्ता रोक दिया। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने आरोपी को छुड़ाने की कोशिश की और पेट्रोल बम से पुलिसकर्मियों तथा थाने को उड़ाने की धमकी भी दी। पुलिस बल ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए बल प्रयोग किया और आरोपी को सुरक्षित अपने कब्जे में रखा। पुलिस ने आरोपियों पर शुरू की कार्रवाई घटना के बाद सभी संदिग्ध वाहनों को जब्त कर संबंधित लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज करने की तैयारी है। आदतन अपराध है टुमन उर्फ लल्ला पुलिस के अनुसार, टुमन उर्फ लल्ला सोनवानी आदतन अपराधी है। वर्ष 2010 से अब तक उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, आबकारी, जुआ-सट्टा, नारकोटिक्स और आर्म्स एक्ट समेत 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा उस पर 11 प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयां भी की जा चुकी हैं, लेकिन लगातार आपराधिक गतिविधियों के चलते उसके खिलाफ NSA के तहत कार्रवाई की गई।
Source link
रायपुर में NSA के आरोपी को छुड़ाने पुलिस पर हमला:परिजनों ने थाने में किया हंगामा, फिर सड़क पर वाहन को रोका;पेट्रोल बम से पुलिसकर्मी-थाने को उड़ाने की दी धमकी
