![]()
ललितपुर के कोतवाली सदर क्षेत्र के ग्राम बिरधा के पास एनएच-44 पर सोमवार रात दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ट्रक चालक की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रक का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। क्रेन की मदद से उसे बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि एक ट्रक दिल्ली से परचून का सामान लेकर चेन्नई जा रहा था। सोमवार रात करीब 10 बजे ट्रक एनएच-44 पर ग्राम बिरधा के पास पहुंचा। इसी दौरान सामने से गलत दिशा में आ रहे दूसरे ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों ट्रकों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में दूसरे ट्रक का चालक 34 वर्षीय खलक सिंह शिवचरन, निवासी ग्राम डोंगराकलां, थाना नाराहट, ललितपुर, केबिन में फंस गया। उसे बाहर निकालने के लिए क्रेन मशीन बुलानी पड़ी। चार लोग घायल, अस्पताल में ड्राइवर की मौत हादसे में चेन्नई जा रहे ट्रक में सवार मुस्तकीन (32) पुत्र मुवीन और सोहिल (22), निवासी पलवल, हरियाणा घायल हो गए। वहीं दूसरे ट्रक में खलक सिंह के साथ सवार बृजेश (28) पुत्र गनेश और मोनू (19), निवासी डोंगराकलां भी घायल हुए। क्रेन की मदद से खलक सिंह को ट्रक के केबिन से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने खलक सिंह को मृत घोषित कर दिया। दूसरा ड्राइवर मौके से फरार बताया गया कि चेन्नई जा रहे ट्रक का चालक शाकिर हादसे के बाद मौके से भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश और दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सदर अनुराग अवस्थी ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घायलों का मेडिकल कॉलेज में उपचार कराया जा रहा है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।
Source link
ललितपुर में दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत:ड्राइवर की मौत, 4 लोग घायल; क्रेन से निकाला गया बाहर
