Headlines

लातेहार : बच्चों ने खेलकूद प्रतियोगिता व महिलाओं ने कुर्सी रेस में दिखाई प्रतिभा




भास्कर न्यूज | लातेहार लातेहार के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर भवन में शनिवार को अखिल भारतीय मद्धेशिया वैश्य सभा, लातेहार प्रखंड के तत्वावधान में समाज के कुलदेवता बाबा गणिनाथ गोविंद जी महाराज की चतुर्थ वार्षिक जयंती श्रद्धा व हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। समारोह में लातेहार के अलावा झारखंड के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण व वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बाबा गणिनाथ गोविंद जी की पूजा-अर्चना से हुआ। अतिथियों व समाज के पदाधिकारियों ने बाबा के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया। पूजा के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरित किया गया। समारोह में बच्चों के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। महिलाओं के लिए म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता भी हुई। जादूगर का शो व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। बच्चों व कलाकारों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। समारोह में झारखंड प्रदेश के महामंत्री नंदकिशोर प्रसाद, प्रदेश प्रवक्ता विनय कुमार बिनु, लातेहार थाना के एसआई रमाकांत गुप्ता समेत समाज के पदाधिकारी व गणमान्य लोग मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि बाबा गणिनाथ गोविंद जी के आदर्शों पर चलकर समाज को संगठित व सशक्त बनाया जा सकता है। ऐसे आयोजन आपसी भाईचारा, सामाजिक समरसता व सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करते हैं। उन्होंने नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति व परंपरा से जुड़े रहने का संदेश दिया। समारोह में महिलाओं, युवाओं व बच्चों की बड़ी भागीदारी रही। आयोजन की सफलता में पूजा समिति व समाज के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में श्रद्धालुओं के लिए सामूहिक भोजन व महाप्रसाद की व्यवस्था की गई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *