Headlines

लापता 4 साल के मासूम का कुएं में मिला शव:एक दिन पहले गायब हुआ था, CCTV में दिखा बच्चा, अगले दिन मिली लाश




बलौदा बाजार के ग्राम तिल्दा में 4 साल 10 महीने के मासूम लावेश डहरिया का शव गांव के सार्वजनिक कुएं में मिला। बच्चा मंगलवार दोपहर से लापता था। परिवार और ग्रामीणों ने उसे काफी तलाश किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। बुधवार को उसका शव कुएं में तैरता मिला। जानकारी के मुताबिक, लावेश मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे अपने घर से अचानक गायब हो गया था। परिजनों ने आसपास उसकी तलाश शुरू की और लवन थाने में भी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस गांव पहुंची और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। CCTV फुटेज में लावेश अपने नाना के घर की तरफ तेजी से जाते हुए दिखाई दिया। नाना का घर घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर है। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने पूरे गांव में बच्चे को ढूंढना शुरू किया। रातभर उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। कुएं में मिला मासूम का शव बुधवार दोपहर बाद बच्चे का शव गांव के सार्वजनिक कुएं में तैरता हुआ मिला। शव मिलने की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल हो गया। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि खेलते-खेलते बच्चा कुएं के पास पहुंच गया होगा और गलती से उसमें गिर गया। डूबने की वजह से उसकी मौत होने की आशंका है। हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी। पुलिस कर रही जांच पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया। प्रधान आरक्षक हर्षद खान ने बताया कि बच्चे के लापता होने की सूचना मिली थी। अगले दिन कुएं में बच्चे का शव मिलने की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *