Headlines

लुधियाना में 24 घंटे में दो लोगों की हत्या:एक की भीड़ ने पीट-पीटकर ली जान, दूसरे की चादर में मिली लाश




लुधियाना में 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग इलाकों में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौतों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर साहनेवाल में कथित लूट की कोशिश करने वाले युवक की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी, वहीं दूसरी ओर थाना टिब्बा क्षेत्र के न्यू शक्ति नगर में गुरुवार सुबह चादर में लिपटा एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों मामलों में मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस जांच में जुटी हुई है। न्यू शक्ति नगर में चादर में लिपटी मिली लाश गुरुवार सुबह थाना टिब्बा के न्यू शक्ति नगर में लोगों ने गली में चादर में लिपटा एक शव पड़ा देखा। चादर से खून बहता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और करने के बाद शव को गली में लाकर फेंका गया है। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है ताकि मौत के कारणों का पता चल सके और शिनाख्त हो सके। उल्लेखनीय है कि थाना टिब्बा क्षेत्र में पिछले चार दिनों के दौरान हत्या की यह एक और वारदात सामने आई है। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद पुलिस अभी तक किसी बड़े मामले का खुलासा नहीं कर सकी है। मामले को लेकर थाना टिब्बा के एसएचओ गगनदीप सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कई बार फोन करने के बावजूद कॉल रिसीव नहीं की। साहनेवाल में कथित स्नैचर की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या की बुधवार शाम साहनेवाल थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया-सी स्थित गुरु कृपा कॉलोनी में कथित लूट की कोशिश के दौरान एक संदिग्ध स्नैचर की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, करीब 30 वर्षीय युवक अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल पर आया था। आरोप है कि दोनों ने दो साइकिल सवारों को रोककर लूटपाट का प्रयास किया और पीछे बैठे युवक ने एक साइकिल सवार पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। इसी दौरान दूसरे साइकिल सवार ने हस्तक्षेप किया और दोनों ने पत्थर फेंककर विरोध किया। संघर्ष के दौरान एक कथित स्नैचर मोटरसाइकिल से नीचे गिर गया, जबकि उसका साथी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नीचे गिरने के बाद स्थानीय लोगों और साइकिल सवारों ने युवक को पकड़ लिया। उसे बिजली के खंभे से बांधकर ईंटों और डंडों से बेरहमी से पीटा गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के पहुंचने से पहले हमलावर फरार हो चुके थे। हत्या का केस दर्ज, पहचान अब भी नहीं साहनेवाल पुलिस ने फैक्ट्री कर्मचारी दीपक कुमार की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105, 191(3) और 190 के तहत मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी एएसआई करमजीत सिंह ने बताया कि मृतक के पास न तो मोबाइल फोन मिला और न ही कोई पहचान पत्र। शव को 72 घंटे के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। पुलिस मृतक की पहचान करने, उसके फरार साथी का पता लगाने और भीड़ में शामिल लोगों की शिनाख्त के प्रयास कर रही है। घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे भी नहीं मिले। लगातार घटनाओं से बढ़ी चिंता एक ही दिन में सामने आई इन दोनों घटनाओं ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। एक मामले में भीड़ ने कानून अपने हाथ में लेकर एक संदिग्ध की जान ले ली, जबकि दूसरे मामले में अज्ञात युवक की हत्या कर शव गली में फेंक दिया गया। दोनों मामलों में पुलिस जांच जारी है और पहचान तथा आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *