![]()
बेमेतरा जिले के बेरला क्षेत्र के नेवनारा स्थित लोहिया पेपर मिल में एक मजदूर की गड्ढे में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कोटगांव निवासी मोहनदास बंजारे के रूप में हुई है। हादसे के बाद मृतक के परिजन, क्रांति सेना और भीम रेजिमेंट ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजन परिवार को 50 लाख रुपए मुआवजा और एक सदस्य को नौकरी देने की मांग कर रहे हैं। हादसे के करीब 20 घंटे बाद भी मृतक का पोस्टमार्टम नहीं हो सका है। बेरला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर बड़ी संख्या में परिजन और संगठन के कार्यकर्ता जमा हैं। मुआवजे और नौकरी की मांग को लेकर प्रदर्शन के चलते मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई है। कंपनी ने फोन कर बताया- तबीयत खराब है मृतक की बेटी सुनीता बंजारे ने कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घटना के बाद कंपनी की ओर से परिवार को फोन कर बताया गया कि उनके पिता की तबीयत खराब है। परिजनों के अनुसार, सूचना मिलने के बाद वे कंपनी पहुंचे, लेकिन तब तक मोहनदास बंजारे की मौत हो चुकी थी। परिवार का आरोप है कि घटना की वास्तविक जानकारी उन्हें तत्काल नहीं दी गई। पिता ही थे परिवार का सहारा सुनीता बंजारे ने बताया कि परिवार में चार भाई-बहन, मां और दादा-दादी हैं। उनके पिता ही परिवार की जिम्मेदारी संभालते थे। उनकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई जिम्मेदार अधिकारी उनसे मिलने तक नहीं आया। इसी वजह से परिवार और संगठन के लोगों में नाराजगी बढ़ गई। 50 लाख मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी की मांग मृतक के परिजनों ने कंपनी प्रबंधन के सामने 50 लाख रुपए मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग रखी है। क्रांति सेना और भीम रेजिमेंट के कार्यकर्ता भी इस मांग के समर्थन में बेरला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक कंपनी प्रबंधन उनकी मांगों पर सहमति नहीं देता, आंदोलन जारी रहेगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की बेरला थाना प्रभारी राजकुमार साहू ने बताया कि लोहिया पेपर मिल में मोहनदास बंजारे की हादसे में मौत की सूचना मिली है। पुलिस ने BNSS की धारा 194 के तहत मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार, मृतक के परिजन मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं और विभिन्न संगठन उनका समर्थन कर रहे हैं। फिलहाल पोस्टमार्टम नहीं हुआ है। 20 घंटे बाद भी नहीं हुआ पोस्टमार्टम हादसे के बाद से बेरला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर लगातार परिजन और संगठन के कार्यकर्ता मौजूद हैं। पोस्टमार्टम नहीं होने के कारण शव अस्पताल में है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मुआवजे और नौकरी की मांग पर कंपनी प्रबंधन से सहमति बनने के बाद ही वे आगे की कार्रवाई को लेकर निर्णय लेंगे। कंपनी प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आया मामले में लोहिया पेपर मिल प्रबंधन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और मजदूर गड्ढे में कैसे गिरा, इसकी पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस मर्ग जांच के जरिए हादसे की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है, जबकि मृतक के परिजन मुआवजे और नौकरी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
Source link
लोहिया पेपर मिल में गड्ढे में गिरा मजदूर, मौत:नेवनारा प्लांट में हादसा,परिजन बोले- कंपनी ने कहा तबीयत खराब, मौके पर हो चुकी थी मौत
