Headlines

'वंदेमातरम्' के मुद्दे पर बीकानेर में भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने:पुलिस ने किया बीच-बचाव, दोनों पक्षों ने लगाए नारे




वंदे मातरम् के मुद्दे को लेकर रविवार को बीकानेर में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। भाजयुमो ने वंदे मातरम् के कथित अपमान के विरोध में गंगाशहर स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए, जिससे कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति संभाली। सोशल मीडिया पर प्रदर्शन का ऐलान
भाजयुमो ने रविवार सुबह सोशल मीडिया के जरिए शाम को कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन और मशाल जुलूस निकालने का ऐलान किया था। इसके जवाब में कांग्रेस प्रवक्ता ने भी सोशल मीडिया पर कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर मौजूद रहेंगे। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने की आशंका को देखते हुए गंगाशहर पुलिस ने कांग्रेस कार्यालय के आसपास पहले से बेरिकेड्स लगा दिए और पुलिस बल तैनात किया। बेरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश
शाम को भाजयुमो कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय की ओर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के बेरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें रोकते हुए कांग्रेस कार्यालय से पहले ही रोक लिया। इसके बाद भाजयुमो नेता वेद व्यास के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर नारेबाजी कर विरोध जताया। इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग-अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। नई दिल्ली के कार्यक्रम को लेकर विवाद
भाजयुमो का आरोप है कि नई दिल्ली में कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम् राष्ट्रगीत को रोकने का प्रयास किया गया। इसी के विरोध में संगठन ने प्रदर्शन किया। वहीं कांग्रेस ने भाजपा के आरोप को गलत बताया है। कांग्रेस का कहना है कि जिस घटना को वंदे मातरम् के अपमान से जोड़ा जा रहा है, उसमें ऐसा कुछ नहीं हुआ। कांग्रेस के अनुसार कार्यक्रम के दौरान सोनिया गांधी ने मल्लिकार्जुन खड़गे को बैठने के लिए कुर्सी देने की बात कही थी। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने कांग्रेस कार्यालय के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी। दोनों पक्षों को अलग रखने के बाद स्थिति नियंत्रण में रही।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *