![]()
वाराणसी के शिवपुर स्थित मान्यवर कांशीराम आवास योजना में जर्जर भवनों, टूटते छज्जों और बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं और स्थानीय निवासियों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को सपा नेता जीशान अंसारी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी, वाराणसी के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपकर कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि कांशीराम आवास योजना में भवनों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है और इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बीते करीब 10 दिनों के भीतर बरामदे और छज्जे गिरने की दो बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं। इन हादसों में एक व्यक्ति की मौत होने तथा कई लोगों के घायल होने की बात ज्ञापन में कही गई है। हर पल हादसे का डर, बोले जीशान अंसारी सपा नेता जीशान अंसारी ने कहा कि कांशीराम आवास कॉलोनी में रहने वाले लोग लगातार भय के माहौल में जीवन गुजार रहे हैं। उन्होंने जर्जर छज्जों और भवनों को लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जर्जर हिस्सों की समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है। अंसारी ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि आवासीय परिसर में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। खुली नालियां और गंदगी भी बनी परेशानी ज्ञापन में केवल जर्जर भवनों का ही मुद्दा नहीं उठाया गया, बल्कि कॉलोनी की साफ-सफाई और जल निकासी की बदहाल व्यवस्था पर भी ध्यान आकर्षित किया गया। सपा नेताओं ने कहा कि कई स्थानों पर नालियां खुली पड़ी हैं, जिनमें गंदा पानी और कचरा जमा होने से जलजमाव और संक्रमण का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खुली नालियों के कारण बच्चों, बुजुर्गों और अन्य निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लंबे समय तक सफाई न होने की स्थिति में गंदगी और जलजमाव से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।
Source link
वाराणसी के जिला मुख्यालय पर सपा का विरोध:जर्जर भवनों, टूटते छज्जों और बदहाल सफाई व्यवस्था के खिलाफ खोला मोर्चा,बोले-10 दिन में हुई 2 बड़ी घटना
