![]()
छत्तीसगढ़ में स्कूलों के समय को लेकर एक नई मांग सामने आई है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव को पत्र लिखकर प्राथमिक, माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक स्कूलों की समय-सारिणी में एकरूपता लाने की मांग की है। फेडरेशन ने शनिवार को उच्चतर माध्यमिक स्कूलों का संचालन भी प्रातःकालीन (मॉर्निंग) पाली में करने का आग्रह किया है। फेडरेशन का कहना है कि युक्तियुक्तकरण (रेशनलाइजेशन) और संकुल व्यवस्था लागू होने के बाद प्रदेश के अधिकांश प्राथमिक और माध्यमिक स्कूल उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों से संबद्ध होकर संचालित हो रहे हैं। ऐसे में अलग-अलग स्तर के स्कूलों की अलग-अलग टाइमिंग होने से शिक्षण और प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। अलग-अलग टाइमिंग से बढ़ रही परेशानी फेडरेशन ने पत्र में कहा है कि प्राचार्यों, शिक्षकों और कर्मचारियों पर नियमित पढ़ाई के अलावा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन, ऑनलाइन कार्य, परीक्षा, वित्तीय और प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ संकुल स्तर की बैठकों का भी दबाव रहता है। अलग-अलग समय-सारिणी होने के कारण इन सभी कार्यों का समन्वय करने में कठिनाई आती है। शनिवार को मॉर्निंग शिफ्ट से प्रशासनिक काम होंगे आसान फेडरेशन के मुताबिक यदि शनिवार को उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भी सुबह की पाली में संचालित किए जाते हैं और सभी स्तर के स्कूलों की समय-सारिणी एक जैसी कर दी जाती है, तो विद्यार्थियों की पढ़ाई पर कोई प्रतिकूल असर नहीं पड़ेगा। इसके उलट, शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन को प्रशासनिक कार्य, शैक्षणिक समीक्षा, संकुल स्तरीय बैठकें, विभागीय प्रतिवेदन तैयार करने और अगले सप्ताह की शैक्षणिक योजना बनाने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा। शिक्षा विभाग से जल्द निर्णय लेने की मांग फेडरेशन ने शिक्षा सचिव से मांग की है कि वर्तमान व्यवस्था को देखते हुए उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में भी शनिवार को प्रातःकालीन शाला संचालन की अनुमति दी जाए और प्राथमिक, माध्यमिक व उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों की समय-सारिणी में एकरूपता लाने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।
Source link
शनिवार को सभी स्कूलों में मॉर्निंग शिफ्ट की मांग:कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने शिक्षा सचिव को लिखा पत्र
